गुरुग्राम: रंगदारी न मिलने पर कारोबारी की हत्या करने पहुंचे थे शूटर, पुलिस मुठभेड़ में 4 ढेर
गुरुग्राम पुलिस ने रंगदारी न मिलने पर कारोबारी विशाल बेरी की हत्या करने आए पांच शूटरों में से चार को मुठभेड़ में मार गिराया, जबकि एक घायल हो गया। इस क ...और पढ़ें

सुशांत लोक फेज एक के ए ब्लाक में घर के सामने तैनात पुलिस का जवान। जागरण
HighLights
गुरुग्राम पुलिस ने कारोबारी की हत्या की साजिश नाकाम की।
मुठभेड़ में चार शूटर मारे गए, एक घायल, तीन पुलिसकर्मी भी घायल।
विदेश से संचालित गैंगस्टर दीपक नांदल के इशारे पर हमला।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। प्रापर्टी कारोबारी विशाल बेरी की हत्या कर शहर में दहशत फैलाने की साजिश गुरुवार रात गुरुग्राम पुलिस की मुस्तैदी से नाकाम हो गई। विदेश से गिरोह संचालित कर रहे गैंग्सटर दीपक नांदल के इशारे पर पांच शूटर कारोबारी की हत्या के इरादे से कारोबारी के घर पहुंचे थे।
रंगदारी की मांग पूरी नहीं होने पर पहले घर और आसपास अंधाधुंध गोलियां बरसाईं गईं, लेकिन कुछ ही मिनटों में क्राइम ब्रांच की टीमों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
इसके बाद हुई भीषण मुठभेड़ में गैंग के चार शूटर मारे गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। इस कार्रवाई में तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े दस बजे काले रंग की स्कार्पियो में सवार पांच हथियारबंद बदमाश विशाल बेरी के घर पहुंचे। स्कार्पियो की नंबर प्लेट काली टेप से ढकी हुई थी। तीन बदमाश नीचे उतरे और मकान को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
50 से ज्यादा राउंड फायरिंग
इसी बीच पहले से अलर्ट क्राइम ब्रांच की सेक्टर-17, सेक्टर-39 और सेक्टर-40 की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने पुलिस पर ही गोलियां चला दीं।
इसके बाद दोनों ओर से 50 से अधिक राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कार से भागने का प्रयास कर रहे सभी पांच शूटर गोली लगने से घायल हो गए। अस्पताल में चिकित्सक ने घायल चार शूटरों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि नूंह निवासी शिवम का उपचार चल रहा है।
खबरें और भी
मुठभेड़ में ढेर शूटरों की पहचान फतेहाबाद के टोहाना निवासी दीपा उर्फ संदीप, रोहतक के भालौठ निवासी आर्यन, नितिन और अंकित के रूप में हुई। जबकि सिपाही मनजीत सिंह, सिपाही शमशेर सिंह और सहायक उपनिरीक्षक सुनील कुमार भी गोली लगने से घायल हुए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों के पैरों में गोली लगी है और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। मामले में क्राइम ब्रांच के साथ ही एसटीएफ ने भी जांच शुरू कर दी है।
मारे गए शूटर दीपा उर्फ संदीप पर दर्ज हैं 14 मुकदमे
घटनास्थल से पांच अत्याधुनिक पिस्टल, 50 से अधिक खाली कारतूस, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कार्पियो बरामद हुई है। पुलिस रिकार्ड के अनुसार, मारे गए शूटर दीपा उर्फ संदीप पर आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत 14 संगीन मुकदमे दर्ज थे, जबकि नितिन के खिलाफ हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने के मामले दर्ज हैं।
वीडियो बनाकर विदेश में बैठे गैंग्सटर को भेजने की थी तैयारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गैंग का मकसद केवल फायरिंग कर डराना नहीं, बल्कि कारोबारी की हत्या करना था। हमले के दौरान एक शूटर मोबाइल फोन से पूरी वारदात का वीडियो रिकार्ड कर रहा था।
माना जा रहा है कि इसे विदेश में बैठे गैंग्सटर तक भेजकर रंगदारी के नेटवर्क में दहशत का संदेश देना था। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद गैंग की पूरी चेन को ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।