गुरुग्राम: निर्माणाधीन बिल्डिंग की लिफ्ट शॉफ्ट में मिला श्रमिक का शव, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
गुरुग्राम के सेक्टर-99ए स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में 34 वर्षीय श्रमिक प्रभाकर कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ...और पढ़ें

गुरुग्राम में निर्माणाधीन बिल्डिंग में 34 वर्षीय श्रमिक प्रभाकर कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
HighLights
निर्माणाधीन बिल्डिंग में 34 वर्षीय श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
पांचवीं मंजिल पर सो रहा था, लिफ्ट शाफ्ट में मिला शव।
पुलिस जांच जारी, परिजन ने लापरवाही और साजिश की आशंका जताई।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-99ए स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करने वाले 34 वर्षीय श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक रात में पांचवीं मंजिल की छत पर सो रहा था। गुरुवार सुबह उसका शव लिफ्ट के लिए बनाई गई शॉफ्ट में मिला।
पुलिस ने प्रथम दृष्टया गिरने से मौत की आशंका जताई है। वहीं स्वजन ने साथी श्रमिकों पर किसी साजिश की आशंका जताई है। सेक्टर-93 चौकी पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
दो दिन पहले ही काम करने आया था गुरुग्राम
मृतक की पहचान प्रभाकर कुमार के रूप में हुई है। वह बिजनौर जिले के जालपुर गांव के रहने वाले थे और दो दिन पहले ही गांव से गुरुग्राम काम करने आए थे। वह ठेकेदार के तहत सेक्टर-99ए की निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम कर रहे थे और इसी बिल्डिंग में रह रहे थे।
यहां काम करने वाले अन्य श्रमिकों ने पुलिस को बताया कि प्रभाकर रात में बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर सो रहे थे। सुबह साथी श्रमिकों ने उन्हें लिफ्ट की बनाई गई शॉफ्ट में मृत पड़ा देखा। इस पर कोई जाल नहीं लगा था और लिफ्ट की जगह खुली छोड़ी गई थी। युवक के माथे पर चोट के निशान मिले हैं।
लघुशंका के लिए उठने के दौरान गलती से शॉफ्ट में गिर गए
आशंका जताई जा रही है कि नींद में या लघुशंका के लिए उठने के दौरान वह गलती से शॉफ्ट में गिर गए और मौत हो गई। सेक्टर-93 चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। बिल्डर व ठेकेदार से भी पूछताछ की जाएगी। वहीं स्वजन ने आरोप लगाया कि अगर युवक गलती से गिरा भी है तो वहां पर लिफ्ट के लिए शॉफ्ट क्यों खुली छोड़ी गई थी।
इसमें बिल्डर और ठेकेदार की लापरवाही सामने आ रही है। परिवार ने बताया कि युवक की शादी हो चुकी थी और उसकी एक छोटी बच्ची भी है। युवक की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें- सोहना बार एसोसिएशन चुनाव: अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय संघर्ष, 883 मतदाता करेंगे फैसला
