Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुग्राम में अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर, पहले ही दिन 31 ढहाए; पूरे महीने जारी रहेगा अभियान

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 06:46 PM (IST)

    नगर निगम गुरुग्राम ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। पहले ही दिन 31 अवैध ढांचों को ध्वस्त किया ग ...और पढ़ें

    गुरुग्राम की कृष्णा कॉलोनी फौजी वाली गली के समीप बने अवैध रूप से निर्माण को ढहाता नगर निगम का बुलडोजर।

    गुरुग्राम की कृष्णा कॉलोनी फौजी वाली गली के समीप बने अवैध रूप से निर्माण को ढहाता नगर निगम का बुलडोजर।

    HighLights

    1. गुरुग्राम में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू।

    2. पहले दिन 31 अवैध ढांचों को ध्वस्त किया गया।

    3. यह कार्रवाई पूरे अगस्त महीने तक जारी रहेगी।

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम गुरुग्राम ने सोमवार से बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम के साथ ही जीएमडीए ने अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया। निगमायुक्त प्रदीप दहिया के निर्देश पर सभी जोन में एक साथ विशेष ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया गया।

    पहले ही दिन निगम की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में 31 अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण भी हटाए गए। निगम अधिकारियों के अनुसार यह अभियान पूरे अगस्त महीने तक लगातार जारी रहेगा। नगर निगम की इस कार्रवाई से पूरे शहर में दिनभर हड़कंप की स्थिति रही।

    सुबह से ही जेसीबी लेकर मैदान में उतरीं टीमें

    निगम की ओर से सभी जोन में संयुक्त आयुक्तों के नेतृत्व में विशेष इंफोर्समेंट टीमें गठित की गई हैं। सोमवार सुबह टीमें जेसीबी और अन्य मशीनरी के साथ चिह्नित स्थानों पर पहुंचीं और कार्रवाई शुरू की। डीपीजी कालोनी सेक्टर-34, रयान एन्क्लेव भोंडसी, अशोक विहार-2, कृष्णा कालोनी, सेक्टर-69, आयुध डिपो प्रतिबंधित क्षेत्र और भीमगढ़ खेड़ी समेत कई इलाकों में निर्माणों पर कार्रवाई की गई।

    जोन सात में सबसे अधिक नौ निर्माण ढहाए

    पहले दिन जोन-एक में एक, जोन-दो में चार, जोन-तीन में चार, जोन-चार में तीन, जोन-पांच में पांच, जोन-छह में पांच और जोन-सात में नौ अवैध निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। निगम की टीमों ने निर्माणों को ध्वस्त करने के साथ मौके पर दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत भी दी।

    खबरें और भी

    पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट रहे तैनात

    कार्रवाई के दौरान किसी तरह के विरोध या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए टीमों के साथ पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए। निगम अधिकारियों का कहना है कि अभियान के दौरान नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

    सार्वजनिक रास्तों पर कब्जे भी हटाए

    ध्वस्तीकरण कार्रवाई के साथ निगम ने सार्वजनिक रास्तों, सड़कों और गलियों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने से लोगों की आवाजाही सुगम होगी और यातायात व्यवस्था में भी सुधार आएगा।

    पूरे अगस्त चलेगा अभियान, निगरानी भी होगी

    निगम प्रशासन का कहना है कि पहले दिन की कार्रवाई के बाद अभियान को रोका नहीं जाएगा। अगस्त महीने में अलग-अलग क्षेत्रों में चिह्नित अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि कार्रवाई निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी ताकि किसी भी अवैध निर्माण को संरक्षण न मिले। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

    यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में घरेलू सहायिका से मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया मामला