हरियाणा में अब पैक्स बैंक में 76 लाख का घोटाला, CM उड़न दस्ते ने खोली पोल; प्रबंधकों-ऑडिटरों पर केस दर्ज
फतेहाबाद के अयाल्की गांव स्थित पैक्स बैंक में मुख्यमंत्री उड़न दस्ते की रेड में 76 लाख रुपये के गबन का खुलासा हुआ है। ...और पढ़ें

हरियाणा में अब पैक्स बैंक में 76 लाख का महाघोटाला। फोटो एआई के द्वारा बनाई गई है
HighLights
अयाल्की पैक्स बैंक में 76 लाख रुपये का गबन उजागर।
मुख्यमंत्री उड़न दस्ते की औचक रेड में हुआ खुलासा।
तीन प्रबंधकों, आडिटरों पर मुकदमा दर्ज, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। गांव अयाल्की स्थित दी अयाल्की बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समिति लिमिटेड (पैक्स) में करीब 76 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री उड़न दस्ते हिसार की औचक रेड में बैंक रिकार्ड, कैश बुक और लेन-देन में बड़े स्तर पर हेराफेरी का खुलासा हुआ।
मामले में थाना सदर फतेहाबाद पुलिस ने तत्कालीन पैक्स प्रबंधक सूबे सिंह, तत्कालीन प्रबंधक राजबीर सिंह, वर्तमान प्रबंधक बलवंत सिंह सहित संबंधित आडिटरों और निरीक्षण टीमों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को सूचना मिली थी कि पैक्स बैंक में लंबे समय से रिकार्ड में गड़बड़ी कर सरकारी राशि का गबन किया जा रहा है। इसके बाद उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह और राजेश कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने बैंक रिकार्ड की जांच की। जांच में जनवरी 2020 से मार्च 2026 तक कुल 61 गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं।
कैश बुक में फर्जी एंट्री कर हड़पी राशि
जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि कैश बुक में सेंट्रल बैंक शाखा में राशि जमा दिखा दी जाती थी, जबकि वास्तविक रूप से पैसा जमा नहीं कराया जाता था। इसके अलावा उपभोक्ताओं से लोन वसूली और अन्य मदों में पूरी राशि लेने के बावजूद रिकार्ड में कम एंट्री दिखाकर रकम हड़पने के आरोप लगे हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि 75 हजार रुपये बैंक में जमा कराने की बजाय अपने खाते में ट्रांसफर कर दिए। ब्याज राशि हड़पने के लिए रसीद बुक की तारीखों में भी फेरबदल किए जाने के आरोप हैं। वर्ष 2020 से 2025 तक बैंक का नियमित आडिट होता रहा, लेकिन किसी भी आडिटर या निरीक्षण टीम ने गड़बड़ी उजागर नहीं की।
खबरें और भी
संबंधित अधिकारियों पर मामला दर्ज कर लिया है। इसकी जांच एसआइ भूप सिंह को सौंपी गई है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- प्रहलाद राय, सदर थाना प्रभारी फतेहाबाद।