फतेहाबाद के जाखल में बंद फाटक के खिलाफ आर-पार की जंग, 15 अगस्त को बाजार बंद कर काले झंडों से होगा विरोध
जाखल में आरओबी के नीचे बंद फाटक से किसानों को मंडी पहुंचने में हो रही परेशानी के खिलाफ 15 अगस्त को बाजार बंद और काले झंडों के साथ विरोध प्रदर्शन किया ...और पढ़ें
-1786268344257_m.webp)
फतेहाबाद के जाखल में बंद फाटक के खिलाफ आर-पार की जंग (फोटो: जागरण)
संवाद सूत्र, जाखल। स्वतंत्रता दिवस पर जहां देशभर में तिरंगा फहराकर आजादी का जश्न मनाया जाएगा, वहीं जाखल में किसान, व्यापारी और विभिन्न संगठनों के लोग काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के नीचे बंद पड़े फाटक को खुलवाने की मांग को लेकर 15 अगस्त को जाखल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान शहर में काले झंडे लेकर रोष प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि मांग पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
जाखल अनाज मंडी में रविवार को किसानों, व्यापारियों, आढ़तियों, मजदूरों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में आरओबी के नीचे बंद फाटक के कारण शहरवासियों और किसानों को हो रही परेशानी पर चर्चा की गई।
लोगों ने कहा कि इस समस्या को लेकर प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। बैठक के बाद आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया।
कमेटी ने 15 अगस्त को जाखल बंद रखने और काले झंडों के साथ प्रदर्शन करने का निर्णय लिया। इस दौरान लाभ सिंह उदयपुर, आदित्य बंसल, उत्तम सिंह, बंटी कासिमपुर, दसविंदर, हरविंदर, मनजीत और नवजोत सिंह विकी सहित अन्य लोग शामिल रहे।
मंडी तक पहुंचने के लिए तय करना पड़ रहा लंबा रास्ता
किसानों का कहना है कि आरओबी निर्माण के बाद मंडी की ओर आने-जाने वाला पुराना रास्ता बंद हो गया है। फाटक बंद होने के कारण किसानों को अपनी फसल लेकर मंडी तक पहुंचने के लिए लंबा वैकल्पिक रास्ता तय करना पड़ता है। इससे समय के साथ डीजल का खर्च भी बढ़ रहा है।
खबरें और भी
किसानों की चिंता आगामी धान सीजन को लेकर और बढ़ गई है। उनका कहना है कि धान की आवक शुरू होने के बाद रोजाना बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों में फसल लेकर मंडी पहुंचेंगे। यदि तब तक रास्ते की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जाम और आवागमन की समस्या बढ़ सकती है।
अग्रसैन चौक पर जुटेंगे प्रदर्शनकारी
15 अगस्त को किसान, दुकानदार, व्यापारी और विभिन्न संगठनों के लोग अग्रसैन चौक पर एकत्रित होंगे। यहां से काले झंडे लेकर शहर की विभिन्न गलियों में रोष प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलनकारियों ने जाखल के दुकानदारों, व्यापारियों, किसानों और सामाजिक संगठनों से बंद को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।
आंदोलन से जुड़े लोगों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या विभाग का विरोध करना नहीं है। उनकी मांग केवल जाखल के लोगों और किसानों के आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान करवाना है।