हरियाणा के फतेहाबाद में 6987 सीवरेज कनेक्शनों पर लटकी तलवार, 5 बाद एक्शन में विभाग
भूना में पांच साल पहले बिछाई गई सीवरेज लाइन के 7050 में से 6987 कनेक्शन अभी भी अनियमित हैं। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अब 500 रुपये शुल्क लेकर इन ...और पढ़ें

फतेहाबाद में 6987 कनेक्शन विभागीय रिकॉर्ड में मंजूर नहीं हैं।
HighLights
भूना में 6987 सीवरेज कनेक्शन अभी भी अनियमित
जन स्वास्थ्य विभाग ने पांच साल बाद अभियान शुरू किया
500 रुपये में कनेक्शन नियमित कराने का अंतिम मौका
संवाद सूत्र, भूना। शहर में करीब पांच साल पहले सीवरेज लाइन बिछाई गई थी। इसके बाद लोगों ने अपने घरों से सीवरेज कनेक्शन लाइन से जोड़ लिए, लेकिन अब जाकर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को इन कनेक्शनों को नियमित करने की याद आई है।
विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार भूना में करीब 7050 सीवरेज कनेक्शन हैं, लेकिन इनमें से महज 63 कनेक्शन ही मंजूर हैं। यानी करीब 6987 कनेक्शन विभागीय रिकॉर्ड में मंजूर नहीं हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सीवरेज लाइन बिछाई गई थी, उसी समय विभाग ने घरों के कनेक्शनों की जांच कर उन्हें मंजूर क्यों नहीं किया।
यदि उस समय विभागीय कर्मचारी प्रत्येक कनेक्शन की जांच कर नियमित करते तो आज हजारों कनेक्शनों को अवैध बताकर कार्रवाई करने की नौबत नहीं आती। पांच साल तक कनेक्शन चलते रहे और विभाग अब डोर-टू-डोर अभियान शुरू करने जा रहा है।
पांच साल तक कहां थी विभाग की निगरानी
सीवरेज लाइन बिछाने के बाद घरों से कनेक्शन जोड़ना शुरू हो गया, लेकिन विभाग ने कनेक्शनों का रिकॉर्ड तैयार करने और उन्हें मंजूर करने की प्रक्रिया को गंभीरता से नहीं लिया। अब विभागीय रिकॉर्ड में महज 0.89 प्रतिशत कनेक्शन ही मंजूर होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
खबरें और भी
यदि बिना मंजूरी के कनेक्शन वर्षों से सीवरेज व्यवस्था का इस्तेमाल कर रहे थे तो विभाग के कर्मचारियों ने समय रहते इसकी जांच क्यों नहीं की। अब विभाग ने तीन टीमें गठित कर घर-घर जांच करने का फैसला लिया है। पहली टीम की इंचार्ज निर्मला रानी, दूसरी की सुमन रानी और तीसरी टीम की जिम्मेदारी सतीश कुमार को दी गई है।
अब 500 रुपये लेकर नियमित करने का मौका
विभाग अब उपभोक्ताओं को 500 रुपये जमा करवाकर सीवरेज कनेक्शन मंजूर कराने का अवसर दे रहा है। टीम घर-घर जाकर कनेक्शन की जांच करेगी और उपभोक्ताओं को इसे नियमित करवाने के लिए जागरूक करेगी। विभाग का कहना है कि इसका उद्देश्य अधिक से अधिक कनेक्शनों को रिकॉर्ड में दर्ज करना है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि टीम के घर पहुंचने के बाद भी यदि उपभोक्ता कनेक्शन मंजूर नहीं करवाता है तो तीन दिन बाद उसका सीवरेज कनेक्शन काट दिया जाएगा। बिना मंजूरी दोबारा कनेक्शन जोड़ने पर भी कार्रवाई होगी।
भूना में सीवरेज कनेक्शनों को नियमानुसार मंजूर करवाने के लिए घर-घर अभियान चलाया जाएगा। पहले लोगांे ने अवैध कनेक्शन कर लिए थे जिनकी जांच की जा रही है। -शर्मा चंद लाल, जिला सलाहकार जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग।