विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Faridabad: डेढ़ लाख लगाई थी चोरी किए नवजात की बोली, दो महिला गिरफ्तार; दोनों ने छोड़ दिए हैं अपने पति और बच्चे

By Parveen Kaushik Edited By: Geetarjun
Updated: Wed, 13 Sep 2023 08:20 PM (IST)

बादशाह खान नागरिक अस्पताल से मंगलवार सुबह चोरी किए गए नवजात शिशु को बेचने का सौदा डेढ़ लाख रुपये में हुआ था। पुलिस ने रोहिणी के पास सुल्तानपुरी से बच् ...और पढ़ें

बादशाह खान अस्पताल से नवजात चोरी करने वाली महिलाएं, उनके पीछे है इनका साथी दीपक।
बादशाह खान अस्पताल से नवजात चोरी करने वाली महिलाएं, उनके पीछे है इनका साथी दीपक।

HighLights

  1. दो महिलाएं ले गई थी बादशाह खान नागरिक अस्पताल से मंगलवार सुबह बच्चा चोरी करके।
  2. पुलिस ने अनीता, पूजा सहित इनके साथी दीपक और देव को गिरफ्तार किया।

फरीदाबाद, जागरण संवाददाता। बादशाह खान नागरिक अस्पताल से मंगलवार सुबह चोरी किए गए नवजात शिशु को बेचने का सौदा डेढ़ लाख रुपये में हुआ था। पुलिस ने रोहिणी के पास सुल्तानपुरी से बच्चे को देर रात बरामद कर लिया। मौके से एक आरोपित दीपक को गिरफ्तार कर लिया था।

दीपक से पूछताछ के बाद पुलिस ने बच्चा चोरी करने वाली दो महिलाओं अनीता, पूजा और इनके एक और साथी देव को बदरपुर बॉर्डर के पास से बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर ले लिया है।

फरार महिला ने लगाई थी बच्चे की बोली

इस मामले में पुलिस को ज्योति नामक महिला की तलाश है। ज्योति ने ही डेढ़ लाख रुपये में बच्चा चोरी करने के लिए कहा था। बुधवार सुबह आनंद विहार मेट्रो स्टेशन के पास ज्योति को बच्चा सौंपा जाना तय हुआ था।

अब ज्योति के गिरफ्तार होने के बाद ही पता चलेगा कि वह बच्चे का क्या करती। बच्चा बरामद करने और आरोपितों को गिरफ्तार करने का काम क्राइम ब्रांच बड़खल के प्रभारी नरेंद्र शर्मा व इनकी टीम ने किया है।

दोनों महिलाओं ने अपने पति को छोड़ा

बच्चा चोरी करने वाली अनीता(30) की भुआपुर गांव में ससुराल है। उसके दो बेटा व दो बेटी हैं। करीब चार महीने पहले उसने अपने पति व बच्चों को छोड़ दिया था। वह अपने दोस्त दीपक संग सुल्तानपुरी, डी-141, सैकेंड फ्लोर पर रहती थी। पूजा(32) दिल्ली के किशन विहार की रहने वाली है। उसके एक बेटा व एक बेटी हैं।

ये भी पढ़ें- फरीदाबाद में दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से दादी और पोती की गई जान; आरोपी चालक हुआ फरार

उसने भी पति व बच्चों को छोड़ा हुआ है। दीपक मूल रूप से गांव बुढ़ेड़ा, बागपत, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह अविवाहित है। चौथा आरोपित और इनका साथी देव बल्लभगढ़ के गांव नराहवली का रहने वाला है। बच्चा चोरी वाले मामले में वह महिलाओं को गाइड कर रहा था। चारों आरोपित एक-दूसरे के परिचित हैं।

बच्चा चोरी करने के मिलते डेढ़ लाख

एसीपी क्राइम अमन यादव के अनुसार चारों आरोपितों को बल्लभगढ़ की रहने वाली ज्योति नामक महिला ने बच्चा चोरी करने के लिए कहा था। इसकी एवज में ज्योति इन्हें डेढ़ लाख रुपये देती। अब ज्योति के गिरफ्तार होने के बाद ही पता चलेगा कि वह इसे अपने पास रखती या फिर आगे कहीं इसका सौदा कर रखा था। इसमें और कौन-कौन शामिल है, यह सब ज्योति से मालूम होगा।

अस्पताल में थी दोनों महिलाएं

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित अनीता व पूजा दोनों अस्पताल में 11 सितंबर की रात आई थी। अनीता प्रसूति वॉर्ड के अंदर व पूजा बाहर थी। दोनों महिलाएं बच्चा चोरी करने के बाद अस्पताल के सामने से आटो में बैठकर अजरौंदा मोड़ पर उतरी। यहां से बदरपुर बॉर्डर के लिए आटो किया। बदरपुर बार्डर से एम्स अस्पताल, यहां से सुल्तानपुरी के लिए आटो लिया।

ये भी पढ़ें- Faridabad Crime: 'बेटा' कहना नहीं आया रास तो जान से धोना पड़ा हाथ, चाकू से किए कई वार; कत्ल के बाद आरोपी फरार

ऐसे पता लगा महिलाओं का

पुलिस ने अस्पताल परिसर व मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। महिलाओं की पहचान की गई। साथ ही अस्पताल में एक्टिव मोबाइल फोन की डिटेल खंगाली गई। इतना ही नहीं घटना से एक दिन पहले एक महिला किसी पुलिसकर्मी से बात करती हुई नजर आई।

जब उस पुलिसकर्मी से पूछा गया तो उसने बताया कि वह महिला किसी शिकायत के सिलसिले में उसके पास आई थी। पुलिसकर्मी ने तुरंत उस शिकायत को खंगाला। इसके बाद महिला का नाम अनीता पता लगा। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर दिल्ली तक पहुंच गई थी।

मंगलवार सुबह हुआ था बच्चा चोरी

एसजीएम नगर थाने में बच्चा चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। अनंगपुर डेयरी के रहने वाले सुनील कुमार की पत्नी अनीता ने सोमवार को बेटे को जन्म दिया था। इसके बाद एक अज्ञात महिला ने उनसे मेलजोल बढ़ाया। पूछने पर उसने खुद को स्टाफ नर्स बताया और कहा कि शिफ्ट चेंज होने वाली है। रात में उसकी ड्यूटी है।

इस पर किसी को शक नहीं हुआ। वह रातभर बच्चे को लेकर खिलाती रही। मंगलवार सुबह मौका देखकर बच्चे को चोरी कर फरार हो गई। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की पांच टीमें बच्चे और आरोपितों की तलाश में जुट गई।

रेकी की थी पहले

आरोपित महिला पूजा कई दिन से अस्पताल की रेकी कर रही थी। योजना थी कि जैसे ही कोई गर्भवती महिला की डिलीवरी होगी तो वह मौका देखकर बच्चे को चोरी कर लेंगी। आरोपित महिलाएं इससे पहले भी जच्चा बच्चा वॉर्ड में रेकी करने के लिए आई थी।