'काश हमने.. वो आज जिंदा होती', संध्या की मौत के बाद अपनी गलती पर पछता रहे घरवाले
फरीदाबाद के फिरोजपुर कलां में स्कूल टीचर संध्या की बेरहमी से हत्या कर दी गई, आरोपी अमित ने स्कूल में घुसकर चाकू से 34 वार किए। ...और पढ़ें

दो बार संध्या ने की थी शिकायत। जागरण
HighLights
स्कूल में घुसकर टीचर संध्या पर 34 चाकू वार।
पंचायती समझौतों से आरोपी के हौसले हुए बुलंद।
दीपक पांडेय, फरीदाबाद। फिरोजपुर कलां में अपने परिवार के साथ रहने वाली संध्या को नहीं मालूम था कि जिस पंचायती समझौते से उसने न्याय की आस लगाई है, उससे आरोपित अमित के हौसले बुलंद हो गए हैं। क्योंकि दोनों बार शिकायत पर कानूनी कार्रवाई से बचने पर आरोपित अमित पर संध्या को हासिल करने का जुनून सवार हो गया था।
इसके लिए उसने संध्या के हंसते खेलते घर को उजाड़ने का हर प्रयास किया। जब वह इसमें सफल नहीं हो सका तो उसने दरिंदगी की सारी हद पर करते हुए स्कूल में घुसकर संध्या पर चाकू से 34 वार किए।

दम निकलने तक मारता रहा चाकू
दम निकलने तक उस पर चाकू मारता रहा। ऐसा लग रहा था कि वह उसे जान से मारने का इरादा लेकर ही स्कूल में घुसा था। आरोपित आवारा किस्म का युवक है। वह कुछ नहीं करता था। सारा दिन इधर-उधर घूमता रहता था।
सिकरौना गांव स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल गांव की मुख्य रोड पर ही स्थित है। गांव की यह सड़क आगे जाकर सोहना में मिलती है। जहां से गुरुग्राम की सीमा शुरू हो जाती है।
स्कूल से 300 मीटर की दूरी पर है पुलिस चौकी
स्कूल के पास में ही 300 मीटर की दूरी पर सिकरौना पुलिस चौकी है। तीन दिन के अवकाश के बाद सोमवार को स्कूल खुला था। स्कूल में करीबन 500 के आसपास विद्यार्थी हैं और 30 से अधिक अध्यापक हैं।
खबरें और भी
रोजाना की तरफ स्कूल के अंदर कक्षाएं चल रही थी। स्कूल की महिला सहायिका गेट पर बैठी हुई थी। तभी साढ़े नौ बजे के आसपास आरोपित अमित गेट में दाखिल हुआ। उसने अपना चेहरा ढंका हुआ था।

महिला सहायिका ने बताया कि वह स्कूल के भीतर किसी को भी प्रवेश नहीं करने देती लेकिन जब आरोपित ने संध्या मैडम का नाम बताया और कहा कि उनका पति है तो उन्होंने उसे अंदर आने दिया। इसके बाद वह उनको बुलाने कक्षा में चली गई।
घायल संध्या को अल-फलाह अस्पताल ले गया था स्टाफ
संध्या के आते ही आरोपित ने उस पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया। संध्या के चिल्लाने पर चेयरमैन डॉ. तेजपाल शर्मा पहुंच गए। उन्होंने आरोपित से भिड़ने का प्रयास किया। लेकिन आरोपित ने तेजपाल के बाजू पर चाकू से खरोच मारकर घायल करने का प्रयास किया।

बाद में मौके पर पहुंचे स्टाफ ने जब संध्या को खून से लथपथ जमीन पर पड़े देखा तो उसको अल फलाह अस्पताल लेकर दौड़े। स्टाफ में शामिल शिक्षकों का कहना था कि संध्या के गले, पेट व छाती पर कई वार किए गए थे। शिक्षकों ने कहा कि अगर वह समय पर पहुंच जाते तो शायद उस दरिंदे से संध्या को बचा सकते थे।
दो बार संध्या ने की शिकायत, दोनों बार हुआ समझौता
आरोपित की छेड़खानी की शिकायत दो बार संध्या ने अपने पति विक्की और स्वजन से की। लेकिन दोनों बार आपसी समझौता कराकर मामले को शांत कर दिया गया। सोचा था कि आरोपित मान जाएगा। परिवार के पीछे हटने पर पुलिस भी किसी तरह की कार्रवाई नहीं कर सकी। अब परिवार समझौते को लेकर पछता रहा है।

अरे क्या कर रहा है रुक जा
स्कूल के चेयरमैन डा. तेजपाल शर्मा ने बताया कि वह स्कूल के ऑफिस में बैठे थे, तभी बाहर से चिल्लाने की आवाज आई। बाहर आए तो देखा एक नकाबपोश युवक संध्या पर चाकू से वार कर रहा है।
यह देखते ही वह चिल्लाए, अरे क्या कर रहा है, रुक जा, तभी उसने चाकू से उस पर भी वार कर दिया। आरोपित पर हमला करने के लिए वह कुछ खोजने के लिए इधर-उधर भागे लेकिन तब तक वह संध्या को मार चुका था।

वह बिना नंबर की बाइक से स्कूल आया था। दरअसल बाहर सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। इसलिए सभी लोग चेहरा ढंककर ही अंदर आते हैं। इसलिए युवक पर शक नहीं हुआ। उसे बेहद अफसोस है कि वह संध्या को नहीं बचा सके।
यह भी पढ़ें- दो माह से संध्या को मारना चाहता था अमित, चाकू से दिए इतने घाव गिनने में लगा आधा घंटा; पुलिस जांच में भी खुले कई राज
यह भी पढ़ें- 'आपके हस्बैंड आए हैं बाहर...', फरीदाबाद में पति का नाम लेकर शिक्षिका को बुलाया और कर दिया कत्ल
यह भी पढ़ें- 32 सेकंड में चाकू से 34 वार... फरीदाबाद में शिक्षिका पर ताबड़तोड़ हमला कर हत्या; नकाबपोश बदमाश फरार