फरीदाबाद में छात्रा को बाइक ने मारी टक्कर, पुलिस पीड़ित पिता से ही मांग रही आरोपी का सुराग
फरीदाबाद में बाइक टक्कर से घायल छात्रा के पिता को पुलिस आरोपी का सुराग लाने को कह रही है, जबकि ...और पढ़ें
-1788768788903_m.webp)
हादसे में घायल हुई थी छात्रा। जागरण
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद में करनेरा चौक पर छह दिन पहले बाइक सवार की टक्कर से घायल छात्रा के मामले में पुलिस पिता से ही आरोपी का सुराग लाने को कह रही है।
पुलिस पिता से बाइक सवार का नंबर मांग रही है, जिससे उसको पकड़ा जा सके। जबकि पिता का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी से बाइक सवार का नंबर निकालने के बजाय उनको ही परेशान करने में जुटी है।
सब्जी लेकर घर लौट रही थी बेटी
छात्रा के पिता नितेश कुमार ने बताया कि 30 अगस्त को करनेरा बालाजी कॉलोनी स्थित धर्म मेडिकल के पास उनकी बेटी सब्जी लेकर घर लौट रही थी। इस दौरान एक बाइक सवार ने उसको टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी बेटी की जांघ की हड्डी टूट गई। इलाज के दौरान उसकी जांघ में राड डालनी पड़ी।
नितेश का आरोप है कि 30 अगस्त से वह अभी तक तीन बार सिकरौना चौकी में जा चुके हैं। पिता का कहना है कि वह अपनी बेटी के इलाज में व्यस्त है। ऐसे में बाइक सवार को वह कहां पर खोजेंगे।
सिकरौना चौकी के हेड कॉन्स्टेबल और मुंशी द्वारा उनको गुमराह किया जा रहा है। बेटी वैष्णवी पांचवी कक्षा में पढ़ती है। नितेश निजी कंपनी में नौकरी करते हैं।
इस मामले को लेकर सिकरौना चौकी पुलिस इंचार्ज का कहना है कि उनको अभी तक लिखित शिकायत नहीं मिली है।
परिवार को बोला गया है कि आरोपी से संबंधित कोई जानकारी है तो उपलब्ध करवाएं ताकि पुलिस को जांच में मदद मिल सके।
