Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भिवानी में हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने वाला सिपाही और 2 महिलाएं गिरफ्तार

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 11:45 AM (IST)

    भिवानी में एक कारोबारी को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर 4.47 लाख रुपये वसूलने के आरोप में हरियाणा पुलिस के एक सिपाही और दो महिलाओं को गिरफ्तार किय ...और पढ़ें

    भिवानी में हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश (प्रतीकात्मक फोटो)

    भिवानी में हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश (प्रतीकात्मक फोटो)

    HighLights

    1. हरियाणा पुलिस सिपाही समेत तीन ब्लैकमेलिंग में गिरफ्तार।

    2. अश्लील वीडियो से कारोबारी से 4.47 लाख वसूले।

    3. मुख्य आरोपी सिपाही से पूरी रकम बरामद।

    जागरण संवाददाता, भिवानी। नौकरी दिलाने के बहाने एक कारोबारी को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर 4.47 लाख रुपये की वसूली करने के मामले में सीआइए स्टाफ-2 भिवानी ने हरियाणा पुलिस के एक सिपाही समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

    आरोपितों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपित के कब्जे से वसूली गई पूरी राशि बरामद कर ली है। उसे न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उससे वारदात में प्रयुक्त साधनों, अन्य संभावित घटनाओं और गिरोह के बारे में पूछताछ की जा रही है।

    नौकरी के बहाने कार्यालय पहुंची युवती

    डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति का पुराने बस स्टैंड स्थित क्राउन प्लाजा में कार्यालय है। शिकायतकर्ता के अनुसार, नौ जुलाई को एक युवती नौकरी के संबंध में उसके कार्यालय पहुंची।

    अंग्रेजी का ज्ञान पर्याप्त नहीं होने के कारण उसे नौकरी देने से मना कर दिया गया। इसके बाद युवती ने कार्यालय के शौचालय का उपयोग करने की अनुमति मांगी। इसी दौरान एक युवक कार्यालय में पहुंचा और मोबाइल से वीडियो बनाने लगा।

    खबरें और भी

    कुछ देर बाद युवती नग्न अवस्था में कार्यालय में आ गई। युवक ने इसकी वीडियो बनाई और उसे वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की। बदनामी के डर से शिकायतकर्ता ने मौके पर ही 4.47 लाख रुपये दे दिए। कुछ दिन बाद आरोपितों ने दोबारा फोन कर दो लाख रुपये और देने की मांग की तथा वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

    एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने तीनों आरोपितों को दबोचा

    पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देश पर सीआईए स्टाफ-2 प्रभारी उपनिरीक्षक दशरथ के नेतृत्व में एएसआई सुभाष की टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित नरेन्द्र पुत्र महेंद्र निवासी देवसर, ममता पुत्री महेंद्र सिंह निवासी उत्तम नगर तथा पुष्पी पुत्री राकेश निवासी नया बाजार को गिरफ्तार कर लिया।

    पुलिस जांच में सामने आया कि ममता ने नरेन्द्र के साथ मिलकर शिकायतकर्ता से जबरन वसूली की साजिश रची थी, जबकि पुष्पी को कार्यालय भेजा गया था। पुलिस ने पुष्पी के कब्जे से छह हजार रुपये और ममता के कब्जे से पांच हजार रुपये बरामद किए। वहीं मुख्य आरोपित नरेन्द्र से पुलिस रिमांड के दौरान 4.47 लाख रुपये बरामद कर लिए गए।

    गुरुग्राम में तैनात है मुख्य आरोपित सिपाही

    जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपित नरेन्द्र हरियाणा पुलिस में सिपाही है और वर्तमान में गुरुग्राम में तैनात है। पुलिस उससे यह भी पूछताछ कर रही है कि क्या उसने इसी तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है। मामले की जांच जारी है।

    भिवानी के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने कहा कि ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और साइबर अपराध के मामलों में जिला पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। यदि किसी व्यक्ति को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जाता है या किसी प्रकार की अवैध वसूली की जाती है तो वह बिना डर और संकोच के तुरंत पुलिस को सूचना दे। प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।