विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में लम्पी बीमारी का कहर, अब तक 100 से अधिक गोवंश की मौत; 10 हजार पशु संक्रमित

Published: Tue, 08 Sep 2026 11:04 PM (IST)

लम्पी वायरल बीमारी ने हरियाणा में फिर कहर बरपाया है, जिसमें अब तक 100 से अधिक गायों की मौत हो चुकी है और लगभग 10,000 पशु संक्रमित हैं।

हरियाणा में लम्पी वायरल का प्रकोप जारी, सैकड़ों गायों की मौत से पशुपालक चिंतित।

हरियाणा में लम्पी वायरल का प्रकोप जारी, सैकड़ों गायों की मौत से पशुपालक चिंतित।

HighLights

  1. हरियाणा में लम्पी वायरल से 100 से अधिक गायों की मौत।

  2. भिवानी गोकुल धाम में 70 गायों की मौत, 173 उपचाराधीन।

  3. प्रदेशभर में 14.61 लाख पशुओं का टीकाकरण किया गया।

शिव कुमार, भिवानी। लम्पी वायरल बीमारी एक बार फिर गायों पर कहर बरसाने लगी है। वर्ष 2022 में लम्पी बीमारी से प्रदेशभर में 2,937 मवेशियों (मुख्य रूप से गायों) की मौत सरकारी आंकड़ों के अनुसार दर्ज की गई थी। इस बार प्रदेशभर में अब तक 100 से अधिक गाय इस बीमारी के कारण दम तोड़ चुकी है।

प्रदेशभर में 10 हजार के करीब पशु खासकर गाय इस बीमारी से संक्रमित है। भिवानी जिले में गोकुल धाम गोशाला ट्रस्ट की ओर से बनाए आइसोलेशन सेंटर में ही अब तक 70 गायों की मौत हो चुकी है। फिलहाल भी यहां 173 गाय उपचाराधीन है।

लम्पी वायरल का कहर प्रदेश के झज्जर, भिवानी, रेवाड़ी, सोनीपत जिलों में ज्यादा है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान से भी लम्पी पीड़ित गायों को इलाज के लिए हरियाणा लाया जा रहा है। लम्पी बीमारी की चपेट में आई गायों में 75 प्रतिशत तक बेसहारा गाय है तो 25 प्रतिशत तक पालतु।

लम्पी वायरल ने वर्ष 2022 में पशुपालकों को काफी नुकसान पहुंचाया था। करीब 2937 पशुओं की मौत हुई थी और हजारों की संख्या में पशुओं खासकर गायों को अपने कोई न कोई अंग गंवाने पड़े थे। एक बार फिर यह वायरल गायों में फैल रहा है। यह मुख्यत: गायों, छोटे बछड़े बछड़ियों को अपनी चपेट में ले रहा है।

प्रदेश की 60 प्रतिशत तक गोशालाओं में लम्पी पीड़ित गाय सामने आ रही है, जिन्हें वहीं आइसोलेट कर उनका इलाज किया जा रहा है। पीड़ित गायों को बचाने में पशुपालन विभाग, गोशालाएं ट्रस्ट और सामाजिक संस्थाएं जुटी है। हालांकि पशुपालन विभाग की ओर से प्रदेशभर में संक्रमण रोकने के लिए 14.61 लाख पशुओं का वैक्सीनेशन करवाया है।

गोकुलधाम गोसेवा महातीर्थ की ओर से बनाया आइसोलेशन सेंटर

गोकुलधाम गोसेवा महातीर्थ की ओर से भिवानी के तिगड़ाना मोड़ के पास आइसोलेशन सेंटर बनाया गया है। जहां अब तक पिछले करीब महीनेभर में 253 लम्पी वायरल पीड़ित गाय, बछड़े आ चुके हैं। इनमें से करीब 70 की मौत हो चुकी है और करीब 173 अभी भी उपचाराधीन है। बाकी ठीक हो चुकी है।

यहां बनाए आइसोलेशन सेंटर में झज्जर, भिवानी, रेवाड़ी, सोनीपत, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी के अलावा दिल्ली के नजफगढ़, यूपी के बड़ौद, मलखपुर आदि से भी लम्पी पीड़ित गायों को उपचार के लिए लाया गया है। यहां एलोपैथी के अलावा हल्दी, नीम जैसे आयुर्वेदिक इलाज भी किए जा रहे हैं।

कुछ जिलों में लम्पी वायरल बीमारी से पीड़ित पशु सामने आ रहे हैं। हम प्रदेशभर में वैक्सीनेशन का काम पूरा कर चुके हैं और जो पीड़ित गाय सामने आ रही है, उनका इलाज करवाया जा रहा है। -रामचंद कंबोज, अध्यक्ष हरियाणा गोसेवा आयोग।