अंबाला में शराब विवाद में बीच-बचाव करने आए युवक की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार
मुलाना में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक राजेश कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर एक आरोपी अनिल कुमार क ...और पढ़ें

शराब विवाद में बीच-बचाव करने वाले युवक की हत्या, एक गिरफ्तार।
HighLights
शराब विवाद में बीच-बचाव करने वाले युवक की मौत।
मुलाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया।
एक आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार किया गया।
संवाद सहयोगी, मुलाना। एनएच-344 स्थित हेमामाजरा कट के पास एचआर-54 होटल के बाहर 24 जुलाई की रात शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक की मौत हो गई।
थाना मुलाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इस केस मे पुलिस ने आरोपित अनिल कुमार निवासी गांव होली को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में अन्य आरोपितों की पुलिस तलाश कर रही है। मुलाना थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि आरोपित अनिल को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया है।
यह है मामला
शिकायत में गांव होली निवासी साहिल उर्फ शेंकी ने बताया कि वह 24 जुलाई की रात करीब 9 बजे अपने साथी अनिल उर्फ बंटी के साथ संगम ढाबे पर खाना खाने जा रहा था। रास्ते में हेमामाजरा कट स्थित एचआर-54 होटल के पास गाड़ी रोकने पर वहां मौजूद बलराम निवासी गंगनपुर से शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
विवाद बढ़ने पर साहिल ने अपने ताऊ के बेटे राजेश कुमार निवासी होली को फोन कर बुलाया। कुछ देर बाद राजेश और शीशपाल मोटरसाइकिल पर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि राजेश के पहुंचते ही बलराम, राजेश और अनिल के बीच मारपीट शुरू हो गई, जबकि शीशपाल बीच-बचाव करता रहा। रात करीब 11 बजे शिकायतकर्ता का भतीजा विशाल भी अपनी कार से मौके पर पहुंचा।
खबरें और भी
उसने आते ही पूछा कि उसके भाई बलराम को किसने मारा। इस पर राजेश ने जवाब दिया कि उसने मारा है, जिसके बाद विशाल और राजेश के बीच भी हाथापाई शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि इस दौरान कार में भी तोड़फोड़ की गई और शीशे तोड़ दिए गए।
मारपीट के बाद शीशपाल कार लेकर मुलाना ओवरब्रिज होते हुए गुरुद्वारा चैरिटेबल अस्पताल की ओर चला गया। रात करीब 11:50 बजे उसने राजेश को फोन किया, लेकिन फोन किसी अन्य व्यक्ति ने उठाकर बताया कि राजेश बराड़ा-दोसड़का रोड पर डॉक्टर चौहान की दुकान के सामने बेहोश पड़ा है।
इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता की शिकायत पर विशाल कुमार निवासी होली, बलराम निवासी गंगनपुर, संजू निवासी रुकड़ी तथा अनिल कुमार निवासी होली के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी।
मर्चेंट नेवी में कर चुका था नौकरी
मृतक राजेश कुमार पहले मर्चेंट नेवी में कार्यरत था। करीब दो वर्ष पहले उसने नौकरी छोड़कर गांव में खेती शुरू कर दी थी। उसके परिवार में पत्नी और एक बेटा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले में मुलाना थाना प्रभारी प्रमोद सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।