अंबाला में आवारा कुत्तों का कहर, 11 भेड़ों की मौत; पशुपालक को भारी नुकसान
अंबाला के धनौरा गांव में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक पशुपालक की 11 भेड़ों पर हमला कर उन्हें मार डाला, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
-1791493557787_m.webp)
अंबाला में आवारा कुत्तों का कहर। फाइल फोटो
HighLights
धनौरा में आवारा कुत्तों ने 11 भेड़ों को मार डाला।
पशुपालक विकास को भारी नुकसान, पहले भी हुआ था हमला।
प्रशासन से आवारा कुत्तों पर अंकुश और मुआवजे की मांग।
संवाद सहयोगी, मुलाना (अंबाला)। धनौरा गांव में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक पशुपालक की 11 छोटी भेड़ों पर हमला कर उन्हें मार डाला। घटना बुधवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। भेड़ के सभी बच्चे बाड़े में थे।
कुत्ते बाड़े में घुस गए और एक-एक कर भेड़ के बच्चों को काटना शुरू कर दिया। हमले में सभी 11 भेड़ के बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित पशुपालक विकास निवासी धनौरा ने बताया कि गांव में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि करीब 10-15 दिन पहले भी आवारा कुत्तों ने उनकी भैंस और नवजात बछड़े पर हमला कर दिया था, जिसके चलते दोनों की मौत हो गई थी। अब एक बार फिर कुत्तों के हमले से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना के बाद विकास ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, पशु विभाग की टीम ने मृत 11 भेड़ के बच्चों का पोस्टमार्टम किया। पीड़ित पशुपालक ने प्रशासन से गांव में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक पर अंकुश लगाने और हुए नुकसान की भरपाई के लिए उचित कार्रवाई की मांग की है।
