ब्लैकमेल कर महिला से दुष्कर्म, पंजाब का युवक गिरफ्तार; सोशल मीडिया पर हुई थी जान-पहचान
अंबाला छावनी की एक विवाहिता की शिकायत पर पंजाब के युवक को दुष्कर्म, ब्लैकमेल और पांच लाख रुपये हड़पने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्याय ...और पढ़ें
-1785083149467_m.webp)
ब्लैकमेल कर महिला से दुष्कर्म, पंजाब का युवक गिरफ्तार। सांकेतिक फोटो
HighLights
अंबाला में विवाहिता से दुष्कर्म, ब्लैकमेल, पांच लाख हड़पने का आरोप।
पंजाब का युवक निंदर गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
मोबाइल से अश्लील सामग्री नहीं मिली, पैसों की पुष्टि नहीं।
जागरण संवाददाता, अंबाला। अंबाला छावनी निवासी एक विवाहिता की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने पंजाब के चलैला गांव निवासी एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेल और पांच लाख रुपये हड़पने के आरोप में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, छावनी के वार्ड नंबर-5 निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि उसकी सोशल मीडिया के माध्यम से चलैला निवासी निंदर से पहचान हुई थी। निंदर की रिश्तेदारी भी वार्ड नंबर-5 में होने के कारण उसका अंबाला आना-जाना रहता था।
महिला का आरोप है कि इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और जुलाई 2024 से आरोपित ने शादी का झांसा देकर व बाद में ब्लैकमेल कर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया जोकि 20 जुलाई 2026 तक संपर्क में रहा।
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि आरोपित ने उसकी अश्लील फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे करीब पांच लाख रुपये भी ले लिए। महिला के अनुसार उसके साथ शहर की कपड़ा मार्केट स्थित एक होटल में कई बार दुष्कर्म किया गया।
खबरें और भी
शिकायत मिलने के बाद शहर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपित निंदर को बलाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। वह अंबाला में पीवीसी लगाने का कार्य करता है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है।
मोबाइल से नहीं मिली कोई वीडियो और फोटो
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपित के मोबाइल से महिला के बताए अनुसार कोई अश्लील फोटो या वीडियो बरामद नहीं हुई है। वहीं महिला द्वारा लगाए गए पांच लाख रुपये के लेनदेन के आरोप की भी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, बैंक लेनदेन और अन्य उपलब्ध रिकार्ड की जांच कर रही है। साथ ही मोबाइल को भी जांच के लिए लैब में भेज दिया गया है।
अब युवक की होने वाली थी शादी
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित की शादी तय हो चुकी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात भी जांच में सामने आई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के सभी आरोपों की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महिला की शिकायत पर दुष्कर्म करने और ब्लैकमेल करने का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपित को रविवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अभी मामले की जांच जारी है।
- इंस्पेक्टर सुनीता ढाका, शहर थाना प्रभारी