राजकोट: खतरनाक स्टंट और रील के चक्कर में न्यारी डैम में गिरी कार, टला बड़ा हादसा
राजकोट के न्यारी डैम पर रील बनाने के चक्कर में एक कार खतरनाक स्टंट करते हुए गहरे पानी में जा गिरी। ...और पढ़ें
HighLights
न्यारी डैम में रील बनाने के दौरान कार पानी में गिरी।
कार सवार युवक सुरक्षित निकले, फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू किया।
हादसे के बाद डैम की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठे।
डिजिटेल डेस्क, राजकोट। सोशल मीडिया पर मशहूर होने और लाइक्स पाने की चाह में आज के युवा अपनी जान जोखिम में डालने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला गुजरात के राजकोट से सामने आया है।
यहां के प्रसिद्ध न्यारी डैम (Nyari Dam) पर कुछ युवाओं को कार से खतरनाक स्टंट कर रील बनाना बेहद भारी पड़ गया।
अनियंत्रित होकर सीधे गहरे पानी में समाई कार
जानकारी के अनुसार, न्यारी डैम के किनारे मिट्टी के टीले या चट्टान जैसी खतरनाक जगह पर कुछ युवक अपनी कार दौड़ाकर स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान चालक ने अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सीधे डैम के गहरे पानी में जा गिरी।
कार को पानी में डूबता देख वहां मौजूद अन्य लोगों की सांसें अटक गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
फायर ब्रिगेड ने क्रेन की मदद से किया रेस्क्यू
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए कंट्रोल रूम को सूचित किया, जिसके बाद राजकोट फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत और बचाव दल ने क्रेन और अन्य विशेष उपकरणों की सहायता से पानी में डूबी कार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
गनीमत यह रही कि कार के पानी में गिरते ही उसमें सवार सभी युवक समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए थे, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया।
प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस हादसे के बाद न्यारी डैम की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का सवाल है कि डैम के इस बेहद खतरनाक और प्रतिबंधित कैचमेंट एरिया (जलग्रहण क्षेत्र) तक निजी वाहनों को जाने की अनुमति कैसे मिली?
खबरें और भी
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यहां अक्सर युवा इस तरह के जानलेवा स्टंट करते रहते हैं, लेकिन सुरक्षा के लिए कोई गार्ड या बैरियर तैनात नहीं किया गया है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि डैम क्षेत्र में निजी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया जाए और रील बनाने के नाम पर अपनी और दूसरों की जान खतरे में डालने वाले ऐसे हुड़दंगी तत्वों के खिलाफ पुलिस कड़ी कानूनी कार्रवाई करे।