अहमदाबाद में छत पर टहलने गई छात्रा से सिक्योरिटी गार्ड ने किया रेप, 4 दिन पहले ही ज्वाइन की थी ड्यूटी
अहमदाबाद में ड्यूटी जॉइन करने के 4 दिन बाद सिक्योरिटी गार्ड ने सोसाइटी की छत पर एक छात्रा से किया रेप, पुलिस ने रविवार को आरोपी गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें

आनंदनगर में छत पर टहलने गई छात्रा के साथ दुष्कर्म
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। अहमदाबाद की एक हाउसिंग सोसाइटी में ड्यूटी ज्वाइन करने के महज चार दिन बाद एक सिक्योरिटी गार्ड ने इंटीरियर डिजाइनिंग की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। रविवार को आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना ने सुरक्षा एजेंसी की गंभीर लापरवाही को उजागर किया। एजेंसी कर्मचारी का बैकग्राउंड वेरिफिकेशन करने में पूरी तरह नाकाम रही।
छत पर टहलने गई थी पीड़िता
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जॉइंट पुलिस कमिश्नर (सेक्टर-1) नीरज बडगुजर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी धरम सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला है। उसने शनिवार देर रात छत पर टहलने गई छात्रा का गला दबाया, उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। इसके बाद छत पर ही उसे बंद कर मौके से फरार हो गया।
पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें गार्ड को लिफ्ट और सीढ़ियों के जरिए छत की तरफ जाते हुए देखा गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया ताकि पुलिस की लोकेशन ट्रैकिंग से बच सके।
हालांकि, पुलिस, लोकल क्राइम ब्रांच और क्राइम ब्रांच की संयुक्त 10 टीमों ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाकर सुबह करीब 7-8 बजे हेबतपुर इलाके से धरम सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी आनंदनगर की इस सोसाइटी में आने से पहले अहमदाबाद की कई अन्य कंपनियों में भी गार्ड के रूप में काम कर चुका था।
कंपनी पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि आरोपी को काम पर रखने वाली सिक्योरिटी एजेंसी ने न तो उसका बैकग्राउंड चेक किया, न ही उसे कोई जरूरी ट्रेनिंग दी और न ही उसकी बुनियादी जानकारी जुटाई।
इस लापरवाही के लिए पुलिस सिक्योरिटी एजेंसी के खिलाफ भी सख्त कानूनी कदम उठाएगी।
दुष्कर्म का मामला दर्ज, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
फिलहाल आरोपी धरम सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने घटना स्थल का दौरा कर अहम सबूत जुटाए हैं, जबकि पीड़िता और आरोपी दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
खबरें और भी
पुलिस मामले में डीएनए जांच सहित अन्य फॉरेंसिक जांच प्रक्रियाएं भी पूरी कर रही है।