विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'असलम बैंड हटाओ, हिंदू कलाकारों को लाओ'; गुजरात में नवरात्र कार्यक्रम में बवाल, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Published: Wed, 14 Oct 2026 05:49 PM (IST)

गुजरात के भावनगर में नवरात्र कार्यक्रम के दौरान 'असलम एंड असलम बैंड' के प्रदर्शन को लेकर हिंदू संगठन के कुछ ...और पढ़ें

डांडिया खेलते लोगों की तस्वीर (फाइल)

डांडिया खेलते लोगों की तस्वीर (फाइल)

HighLights

  1. भावनगर में नवरात्र कार्यक्रम में 'असलम बैंड' का विरोध।

  2. हिंदू समूह ने कलाकारों को बदलने की मांग की।

  3. पुलिस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में लिया।

डिजिटल डेस्क, भावनगर। देश भर में गुजरात अपने नवरात्र के कार्यक्रम के लिए प्रसिद्ध है। यहां पर लोग देश के कोने-कोने से आते हैं और गरबा का आनंद लेते हैं। मंगलवार को भावनगर के एक रिजॉर्ट पर उस वक्त नवरात्र के कार्यक्रम में रुकावट आ गई जब वहां पर हिंदू समूह के कुछ लोगों ने असलम एंड असलम बैंड को हटाने की मांग की।

लोगों ने वहां पर विरोध जताने के लिए प्रदर्शन भी किया। इस दौरान कुछ देर के लिए वहां पर अफरा-तफरी मच गई। यह घटना गुजरात के भावनगर के वरतेज स्थित रंगोली रिजॉर्ट की है। लोगों से मिली जानकारी के अनुसार ये बैंड कई सालों से यहां पर नवरात्र में अपनी प्रस्तुति देता आया है, लेकिन इस बार उनका विरोध हो रहा है।

पुलिस को सौंपी याचिका

हिंदू युवा संगठन से जुड़े लोगों ने कार्यक्रम से पहले स्थानीय पुलिस स्टेशन और डीएम को याचिका सौंप कर कलाकारों को बदलने की मांग की थी। हालांकि अधिकारियों ने निजी जगह पर हो रहे कार्यक्रम में किसी भी तरह की दखलअंदाजी से मना कर दिया।

पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों के हिरासत में लिया

कार्रवाई नहीं होने की बात पर हिंदू युवा संगठन के अध्यक्ष की अगुवाई में कुछ सदस्य मौके पर पहुंच कर हंगामा करने लगे। इससे वहां पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और हंगामा कर रहे लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों में से अंजनी संतोष की पहचान की है।

संगठन ने दी कार्यक्रम बंद करने की चेतावनी

इधर, संगठन के लोगों ने आयोजकों को चेतावनी दी है कि वो मांगें पूरी नहीं होने पर दुबारा भीड़ जुटा कर कार्यक्रम बंद करवा देंगे। भावनगर के पुलिस अधीक्षक नितेश पांडे ने बताया कि पुलिस आज से नवरात्र से जुड़े कार्यक्रमों को सुरक्षा मुहैया कराएगी।

उन्होंने समाचार बेवसाइट एनडीटीवी को बताया कि बीती रात वरतेज के रंगोली रिजॉर्ट में कार्यक्रम को लेकर विवाद हो गया था। संगठन के कार्यकर्ता 'असलम एंड असलम बैंड' को हटा कर हिंदू कलाकारों या बैंड को शामिल करने की मांग कर रहे थे।