विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांग्रेस के पूर्व सांसद वीरजी ठुम्मर का निधन, 64 की उम्र में ली अंतिम सांस

Published: Wed, 07 Oct 2026 05:04 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 07 Oct 2026 06:30 PM (GMT+05:30)

गुजरात के पूर्व कांग्रेसी सांसद और दिग्गज पाटीदार नेता वीरजी ठुम्मर का 64 वर्ष की आयु में कैंसर के कारण निधन हो गया।

पूर्व कांग्रेसी सांसद वीरजी ठुम्मर का 64 वर्ष की आयु में निधन

पूर्व कांग्रेसी सांसद वीरजी ठुम्मर का 64 वर्ष की आयु में निधन

HighLights

  1. पूर्व कांग्रेस सांसद वीरजी ठुम्मर का 64 वर्ष की आयु में निधन

  2. अमरेली से सांसद और बाबरा से तीन बार विधायक रहे

  3. गुजरात के प्रमुख पाटीदार नेता और सहकारी क्षेत्र से जुड़े थे

राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। गुजरात के पूर्व कांग्रेसी सांसद वीरजी ठुम्मर का बीमारी के चलते बुधवार को निधन हो गया। उनका कैंसर का इलाज चल रहा था।

गुजरात की अमरेली संसदीय सीट से कांग्रेस सांसद रह चुके वीर जी भाई गुजरात के दिग्गज पाटीदार नेता थे। 64 वर्ष की उम्र में उनका बीमारी के चलते निधन हो गया। वो काफी समय से कैंसर से पीड़ित थे।

अमरेली से सांसद और बाबरा से तीन बार विधायक रहे

वीरजी भाई गुजरात विधानसभा के भी सदस्य रह चुके थे। सौराष्ट्र की राजनीति में उनकी अच्छी पकड़ थी और पाटीदार नेता होने के कारण कांग्रेस की कद्दावर पाटीदार नेता बन गए थे। उनकी पुत्री जेनी बेन ठुम्मर गुजरात महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष एवं अमरेली जिला पंचायत की भी अध्यक्ष रह चुके हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता मुख्य प्रवक्ता एवं मीडिया संयोजक मनीष दोशी ने बताया कि वीरजीभाई कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री, उपाध्यक्ष और किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके थे।

1990, 1995 और 1998 में बाबरा विधानसभा का प्रतिनिधित्व करते हुए तीन बार विधायक रहे। 2004 से 2014 तक लोकसभा सांसद के रूप में कार्य किया।

वीरजीभाई के निधन पर श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महामंत्री और संगठन प्रभारी सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि, ठुम्मर के निधन की खबर से सभी की आंखें नम हैं और हृदय व्यथित है।

उनके निधन के साथ कांग्रेस परिवार का एक वटवृक्ष हमारे बीच से विदा हो गया है। उनकी सादगी, हर व्यक्ति के प्रति प्रेम और कर्तव्यभावना तथा खेती-किसान के साथ उनका गहरा संबंध हमेशा लोगों के हृदय में अंकित रहेगा।

गुजरात के प्रमुख पाटीदार नेता और सहकारी क्षेत्र से जुड़े थे

गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने भी पूर्व सांसद के निधन पर दुख जताया और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। कांग्रेस ने बताया कि पार्टी ने एक वरिष्ठ योद्धा को खो दिया है।

चाहे सहकारी क्षेत्र हो या कांग्रेस पार्टी का काम, उन्होंने हमेशा प्रभावी नेतृत्व दिया है। पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और सहकारी नेता स्व. वीरजी भाई ठुम्मर के निधन से पूरी पार्टी और उनके शुभचिंतक अत्यंत दुखी हैं।

लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने किसानों, सहकारी क्षेत्र और आम जनता के हित के लिए निरंतर संघर्ष किया। उनके निधन से कांग्रेस परिवार और गुजरात के सार्वजनिक जीवन में एक बड़ी क्षति हुई है।