1594 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड डील, एंजो फर्नांडेज ने मैनचेस्टर सिटी से जुड़कर फुटबॉल जगत में मचाया कोहराम
एंजो फर्नांडेज ने अपना नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज करा लिया है। चेल्सी ने एंजो के लिए मैनचेस्टर सिटी से 125 मिलियन ब्रिटिश पाउंड वसूले।

एंजो फर्नांडेज
HighLights
चेल्सी छोड़कर मैनचेस्टर सिटी से जुड़े एंजो फर्नांडेज
सिटी ने 125 मिलियन ब्रिटिश पाउंड में एंजो को खरीदा
एंजो फर्नांडेज ने फुटबॉल में एक खास रिकॉर्ड बनाया
रायटर, मैनचेस्टर। अर्जेंटीना के मशहूर मिडफील्डर एंजो फर्नांडेज फुटबॉल के इतिहास में अपना नाम हमेशा के लिए अमर करते हुए चेल्सी छोड़कर मैनचेस्टर सिटी से जुड़ गए हैं। चेल्सी ने उनके लिए सिटी से 125 मिलियन ब्रिटिश पाउंड (1594 करोड़ रुपये) वसूले।
इसके साथ ही एंजो फुटबॉल इतिहास में एक से ज्यादा बार 100+ मिलियन पाउंड में बिकने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। चेल्सी ने 2023 में उन्हें पुर्तगाल के क्लब बेनफीका से 106.8 मिलियन पाउंड (1,068 करोड़ रुपये) में खरीदा था।
एंजो की बेहतरीन फुटबॉल शैली
25 साल के एंजो साल 2022 में अर्जेंटीना के साथ विश्व विजेता बने थे जबकि 2026 फाइनल में उनकी टीम उपविजेता रही। सिटी के डायरेक्टर ऑफ फुटबॉल युगो विएना ने उनकी साइनिंग पर कहा कि एंजो एक संपूर्ण मिडफील्डर हैं। तकनीकी रूप से कुशल, मेहनती, दृढ़ और गोल करने वाले खिलाड़ी।
Enzo Fernández is here 🤝 pic.twitter.com/NWyxbpGquy
— Manchester City (@ManCity) September 1, 2026
सिर्फ 25 साल की उम्र में दो विश्व कप फाइनल खेलना और अलग-अलग देशों की लीग में बड़े खिताब जीतना उनके बारे में काफी कुछ बयान करता है। एंजो के साथ ही सिटी ने ब्रिटिश ट्रांसफर डेडलाइन डे (अंतिम दिन) एवर्टन के फॉरवर्ड इलिमान एनदियाए को 65 मिलियन ब्रिटिश पाउंड (829 करोड़ रुपये) में खरीदा।
सिटी ने अयूब और एलन को भी खरीदा
इनसे पहले सिटी ने मोरक्को के मिडफील्डर अयूब बोआद्दी (86 मिलियन पाउंड) और ब्राजील के विंगर एलन (34.2 मिलियन पाउंड) को भी खरीदा था।
टीम ने इस सीजन विंगर सैवियो, मिडफील्डर्स रोड्री, निको गोंजालेज, तिजानी राइंडर्स, गोलकीपर जेम्स ट्रैफर्ड और डिफेंडर नेथन एके जैसे खिलाड़ियों को बेचा भी था जबकि मिडफील्डर बेरनार्डो सिल्वा और डिफेंडर जान स्टोंस मुफ्त ट्रांसफर पर क्लब से अलग हुए थे।
