Tara Sutaria डिज्नी प्रिंसेस की इमेज तोड़ अब 'रेबेका' बन करेंगी धमाका; यश ने Toxic में बढ़ाया एक्ट्रेस का रोल?
तारा सुतारिया जल्द ही यश स्टारर फिल्म टॉक्सिक में नजर आएंगी। इस फिल्म में एक्ट्रेस का रोल पहले छोटा था, लेकिन इस कारण यश ने फिल्म में उनका रोल बढ़ा दिया।

टॉक्सिक में बढ़ाया गया तारा सुतारिया का रोल/ फोटो- Instagram
HighLights
टॉक्सिक में यश ने बढ़ाया तारा सुतारिया का किरदार
एक्ट्रेस की इस बात से बहुत इम्प्रेस हुए थे यश
टॉक्सिक की रिलीज को बचे हैं बस कुछ और दिन
प्रियंका सिंह, मुंबई। फिल्मों से कई बार कलाकारों के रोल किन्हीं कारणों से काट दिए जाते हैं। इस प्रतिस्पर्धी फिल्म इंडस्ट्री में अगर किसी कलाकार का रोल काटने की बजाय बढ़ाया जा रहा है, तो इसका मतलब उस कलाकार ने कमाल का काम किया है। अभिनेत्री तारा सुतारिया के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है।
कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट हुई फिल्म टॉक्सिक : ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स में पहले अभिनेत्री तारा का रोल छोटा था। तारा का काम फिल्म में देखने के बाद फिल्म अभिनेता और टॉक्सिक के सह निर्माता यश ने उनके रोल को और बड़ा कर दिया।
किस कारण यश ने बढ़ाया तारा सुतारिया का रोल?
इसका कारण बताते हुए यश ने कहा था कि तारा की मेहनत की वजह से उनके सीन पहले लिखी गई कहानी से कहीं ज्यादा बढ़ा दिए गए हैं। वह फिल्म में बेहद आकर्षक भी लगी है। फिल्म में तारा की भूमिका उनकी पिछली भूमिकाओं से अलग और गंभीर किस्म की है। वह फिल्मों में अपनी डिज्नी प्रिंसेस (वॉल्ट डिज्नी कंपनी की एनिमेटेड फिल्म की राजकुमारी वाले पात्र जैसी) वाली छवि के लिए जानी जाती हैं।
इस छवि से निकलकर डार्क जॉनर वाली फिल्म का हिस्सा बनने को लेकर तारा डिज्नी प्रिसेंस की दुनिया से जुड़ी एक प्रसिद्ध लाइन और पुरानी पंक्तियों को फिल्म से जोड़ते हुए कहती हैं, "मुझे इस संबंध में उसकी लाइनें याद आ रही हैं, जो कुछ इस तरह हैं कि एक सपना, वह इच्छा है, जो आपका दिल चाहता है। यह पंक्तियां टॉक्सिक फिल्म से जुड़े लोगों से बहुत करीब से जुड़ती हैं।"

ट्रेलर में 'रेबेका' को मिल रहे प्यार से गदगद हुईं तारा
तारा ने कहा, "इस फिल्म को कई कलाकारों ने मिलकर बनाया है। मुझे लगता है कि यह एक ऐसा सपना और इच्छा है, जो हम सभी ने एक टीम के रूप में देखा है। ऐसी कहानी का हिस्सा बनना, जो शानदार, असाधारण है, वह बेहद खास है।"

फिल्म के ट्रेलर को मिल रही प्रतिक्रियाओं पर आगे तारा कहती हैं कि मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मैं कमाल के कलाकारों के साथ इस शानदार कहानी का हिस्सा हूं। उल्लेखनीय है कि तारा फिल्म में रेबेका नाम की लड़की की भूमिका में हैं, जो बेहद इंटेस रोल है। यह फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

