Bigg Boss 20 के घर में कैद होंगे सुष्मिता सेन के एक्स ब्वॉयफ्रेंड Lalit Modi? बोले- 'पूछने की जहमत भी नहीं...'
रियलिटी शो बिग बॉस सीजन 20 (Bigg Boss Season 20) में शामिल होने की खबरों पर सुष्मिता सेन के एक्स ब्वॉयफ्रेंड ललित मोदी (Lalit Modi) ने रिएक्शन दिया है।

बिग बॉस 20 का हिस्सा बनने पर बोले ललित मोदी। फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। सलमान खान के रियलिटी शो बिग बॉस सीजन 20 (Bigg Boss Season 20) जल्द ही शुरू होने जा रहा है। इंटरनेट पर चर्चा हो रही थी कि इस सीजन में सुष्मिता सेन (Sushmita Sen) के एक्स ब्वॉयफ्रेंड और बिजनेसमैन ललित मोदी (Lalit Modi) भी आ सकते हैं।
अब एक नोटिस के जरिए ललित मोदी ने सलमान खान के शो में शामिल होने की खबरों पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने बताया कि वह वाकई शो का हिस्सा बनने वाले हैं या नहीं।
बिग बॉस 20 में हिस्सा बनने पर ललित मोदी का रिएक्शन
ललित मोदी के सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक नोटिस में लिखा गया, "फेक न्यूज। बस बात खत्म। बिग बॉस 20 के लिए मुझसे कोई संपर्क नहीं किया गया है। मैं बिग बॉस 20 में हिस्सा नहीं ले रहा हूं। मेरा ऐसा कोई इरादा भी नहीं है।
हैरानी की बात है कि कैसे एक पूरी तरह से मनगढ़ंत कहानी न्यूज बन जाती है, जबकि संबंधित व्यक्ति से पूछने की जहमत भी नहीं उठाई जाती। मेरे वकीलों ने साथ में लगा नोटिस जारी किया है। शायद अगली बार कुछ भी छापने से पहले आप पुष्टि कर लें।"

ललित मोदी को नहीं मिला कोई ऑफर
ललित मोदी के पोस्ट में कहा गया है कि बिग बॉस 20 बिग बॉस के प्रोड्यूसर, ब्रॉडकास्टर, चैनल या किसी भी प्रतिनिधि ने उनसे शो में शामिल होने के लिए संपर्क नहीं किया है और ना ही उन्होंने सहमति जताई है। पोस्ट में कहा गया है कि उनका सलमान के शो का हिस्सा बनने का कोई इरादा भी नहीं है।
View this post on Instagram
ललित मोदी के नोटिस में यह भी कहा गया, "ये रिपोर्ट हमारे क्लाइंट से बिना किसी पुष्टि और बिना किसी अधिकार के प्रकाशित की गई हैं। हमारे क्लाइंट का नाम, तस्वीर, फोटो, शक्ल-सूरत, आवाज और व्यक्तित्व से जुड़ी अन्य चीजें पूरी तरह से उन्हीं की हैं। किसी भी व्यक्ति को इनका इस्तेमाल करने या हमारे क्लाइंट और उस प्रोग्राम के बीच किसी भी तरह के जुड़ाव या संबंध का सुझाव देने, संकेत करने या उसे दिखाने का अधिकार नहीं है।"
