विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सतीश कौशिक (Satish Kaushik)

By Priti KushwahaEdited By: Priti Kushwaha
Updated: Thu, 13 Apr 2023 08:45 AM (IST)

Satish Kaushik Passes Away Due To Heart Attack At 66 बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर और डायरेक्टर सतीश कौशिक का बृहस्पतिवार तड़के निधन हो गया। 66 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। सतीश का निधन दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुई है।

Satish Kaushik Profile Hit Movies Famous Characters
Satish Kaushik Profile Hit Movies Famous Characters

सतीश कौशिक हिंदी सिनेमा के उन अभिनेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने अपने अभिनय के साथ निर्देशन से भी प्रभावित किया। लगभग चार दशक लम्बे करियर में सतीश ने कई फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभायीं, जिनमें से उनके कुछ किरदार आइकॉनिक माने जाते हैं।

NSD से पढ़े सतीश कौशिक की संवाद अदायगी उनकी सबसे बड़ी खूबी रही। सतीश ने फिल्मों के साथ टीवी और ओटीटी स्पेस में भी अपने अभिनय का दम दिखाया। वो सात दिन, मिस्टर इंडिया, राम लखन, साजन चले ससुराल, डबल धमाल जैसी फिल्मों में उन्होंने अपनी अदाकारी का दम दिखाया।

कॉमिक एक्टर की छवि में बंधे सतीश ने गंभीर और नेगेटिव किरदार भी निभाये। अभिनय के अलावा उन्होंने कई सफल फिल्मों का निर्देशन भी किया। 9 मार्च, 2023 की सुबह उनके निधन की खबर आयी। हरियाणा में जन्मे 66 साल के सतीश का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ। 

  • सतीश कौशिक कौन थे?

  • सतीश कौशिक का जन्म कब और कहां हुआ?

  • सतीश कौशिक ने किस फिल्म से किया डेब्यू?

  • सतीश कौशिक को किस रोल ने दिलाई पहचान?

  •  बतौर निर्देशक सतीश कौशिक की पहली फिल्म कौन सी है?

  • सतीश कौशिक ने किन वेब सीरीज में काम किया?

कौन थे सतीश कौशिक?

सतीश कौशिक एक दिग्गज अभिनेता होने के साथ ही एक शानदार निर्देशक भी थे। अपने फिल्मी करियर में उन्होंने कई हिट फिल्मों में काम किया है। इसके साथ ही उन्हें एक बेहतर निर्देशक के तौर पर भी जाना जाता है। ​फिल्मी दुनिया से होने के बावजूद सतीश काफी सरल और सिंपल लाइफ जीना पसंद करते थे।

किस शहर में हुआ था उनका जन्म?

सतीश कौशिक का जन्म 13 अप्रैल, 1956 में हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ था।यहीं से उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी की थी। सतीश ने दिल्ली के किरोड़ीमल कॉलेज से ग्रेजुएशन किया था। इसके बाद उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में एडमिशन लिया था। सतीश ने बचपन से ही अभिनय के क्षेत्र में आने का सपना देखा था। उनकी पत्नी का नाम शशि कौशिक है। उनके दो बच्चे वंशिका कौशिक और शानू कौशिक हुए। शानू का निधन महज दो साल की उम्र में हो गया था। 

किस फिल्म से हुआ एक्टिंग डेब्यू?

सतीश कौशिक ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 1983 में आयी फिल्म 'जाने भी दो यारों' से की थी। इस फिल्म में उनकी एक्टिंग को काफी पसंद किया गया था, लेकिन उन्हें सही मायने में पहचान फिल्म 'मिस्टर इंडिया' से मिली थी, जिसमें उनका किरदार कैलेंडर काफी लोकप्रिय हुआ।

सतीश ने 'मोहब्बत', 'जलवा', 'राम लखन', 'जमाई राजा', 'अंदाज', 'मिस्टर और मिसेज खिलाड़ी', 'साजन चले ससुराल', 'दीवाना मस्ताना', 'परदेसी बाबू', 'बड़े मियां छोटे मियां', 'हसीना मान जाएगी', 'राजा जी', 'आ अब लौट चलें', 'हम आपके दिल में रहते हैं', 'चल मेरे भाई', 'हद कर दी आपने', 'दुल्हन हम ले जाएंगे', 'क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता', 'गॉड तुस्सी ग्रेट हो' और 'कागज' समेत 100 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया।

किस रोल ने दिलायी पहचान?

सतीश कौशिक ने अपने करियर में कई तरह के रोल को पर्दे पर जिया है। उन्होंने गंभीर से लेकर कॉमेडी तक के रोल को निभाकर दर्शकों का मनोरंजन किया। कई फिल्मों में सतीश ने कॉमेडी रोल निभाए हैं, लेकिन फिल्म 'मिस्टर इंडिया' में उनके 'कैलेंडर' रोल ने उन्हें मशहूर कर दिया था। हर जगह पर उन्हें इसी नाम से पुकारा जाने लगा था। इसके अलावा उन्हें 'पप्पू पेजर' के रोल में भी खूब पसंद किया गया था।

निर्देशन में बनी पहली फिल्म कौन सी थी?

बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म साल 1993 में रिलीज 'रूप की रानी चोरों का राजा' थी। इस फिल्म में श्रीदेवी और अनिल कपूर लीड रोल में थे। इसके बाद उनकी दूसरी फिल्म साल 1995 में आई 'प्रेम' थी। ये तब्बू की डेब्यू फिल्म थी। बता दें कि ये दोनों ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई ​थीं। साल 1999 में आई फिल्म 'हम आपके दिल में रहते हैं' ने उन्हें बतौर निर्देशक एक खास पहचान दिलाई थी। ये फिल्म हिट ​साबित हुई थी। इसके बाद एक दर्जन से अधिक फिल्मों का निर्देशन किया।

बतौर निर्देशक उनकी आखिरी रिलीज फिल्म कागज है, जिसमें पंकज त्रिपाठी ने लीड रोल निभाया था। सलमान खान इस फिल्म से बतौर निर्माता जुड़े थे। यह फिल्म जी5 पर रिलीज हुई थी।

किन वेब सीरीज में किया अभिनय?

वेब सीरीज की दुनिया में भी सतीश कौशिक ने अपनी एक्टिंग का दम दिखाया है। उन्होंने 'कर्म युद्ध', 'ब्लडी ब्रदर्स', 'गिल्टी माइंड्स', 'स्कैम 1992', 'द चार्जशीट: इनोसेंट और गिल्टी?' और 'मे आई कम इन मैडम?' में काम किया।