'मेकअप नहीं, परफॉर्मेंस जरूरी...' खूबसूरती के लिए टाइपकास्ट होने पर Sanjeeda Shaikh का बेबाक बयान
Sanjeeda Shaikh ने हाल ही में अपने करियर, फिल्मों के सिलेक्शन, अलग-अलग किरदार और टाइपकास्ट होने के बारे में खुलकर बात की।
-1786800441303_m.webp)
धमाल 4 में नजर आईं संजीदा शेख
HighLights
धमाल 4 में नजर आईं संजीदा शेख
यश की टॉक्सिक में भी है स्पेशल रोल
टाइपकास्टिंग पर क्या बोलीं एक्ट्रेस?
प्रियंका सिंह, मुंबई ब्यूरो। वैनिटी वैन में जाकर केवल कई तरह के मेकअप लगाना ही अभिनेत्री संजीदा शेख के लिए काफी नहीं है। वो दमदार रोल करने की चाहत रखती हैं। पिछले दिनों इक्का और धमाल 4 जैसी फिल्मों में दिखी संजीदा आगामी
दिनों में जीवन बीमा योजना फिल्म में नजर आएंगी।
वह कहती हैं कि जब मैं टीवी कर रही थी, तो बहुत मेकअप करती थी। असली चेहरा दिखता ही नहीं था। अब मैं अपने चेहरे को सांस लेने देती हूं। हालांकि हर किरदार की अलग मांग होती है, जैसे हीरामंडी : द डायमंड बाजार में एक तरह का लगना था। लेकिन इक्का में ग्रे रोल था। ग्लैमरस मेकअप करती, तो बेचारी नहीं लगती।
यह भी पढ़ें- Yash की Toxic में टीवी की इस हसीना की हुई एंट्री, निभाएंगी छोटा मगर दमदार रोल
मैंने सोचा कि कम मेकअप के साथ कैमरा के सामने खड़ी हो जाती हूं। जितनी ईमानदारी से रोल करूंगी, उतना लोग कनेक्ट करेंगे, फिर ट्विस्ट आएगा। अलग काम करने के लिए विचारों को भी अलग करना होगा। मेकअप होता रहेगा, मैं परफार्मेंस पर ध्यान देती हूं। वो कलाकार नहीं बनना है, जो वैनिटी में जाकर कहे कि ये लगा दो, वो लगा दो।
अपनी खूबसूरती के लिए टाइपकास्ट हुई संजीदा शेख (Sanjeeda Shaikh) क्या अब अपने काम से लोगों की सोच बदल पाई हैं?
इस पर वह कहती हैं कि कास्टिंग डायरेक्टर और निर्देशक के दिमाग में एक किरदार होता है, हो सकता है कि मैं उसमें फिट नहीं हुई हूं। हालांकि उसका मतलब यह नहीं है कि जो रोल करना चाह रही हूं, वो लिखे नहीं जा रहे हैं। ऐसे कई किरदार है, जिसके लिए मुझे फोन आते हैं।
-1786800692302.webp)
जैसे इक्का फिल्म के लिए शूटिंग के एक रात पहले फोन आया है। अगले दिन सुबह आठ बजे मैं सेट पर थी। मैंने बस निर्देशक से यही पूछा था कि फिल्म में सनी देओल (Sunny Deol) और अक्षय खन्ना (Akshaye Khanna) जैसे स्टार हैं, क्या मेरे ऐसे सीन हैं, जिसे करके मुझे मजा आएगा? उन्होंने कहा की बेफिक्र होकर आइए। सेट पर ही मेरी नरेशन हुई है और मैं अपने फैसले पर खुश हूं।
मेरी जिंदगी में सब कुछ सही चल रहा है, जहां मैं खुद के लिए सही गलत अब तय कर पा रही हूं। जहां तक बात है टाइपकास्ट से खुद को बचाकर रखने की तो हमारे यहां इतने दिग्गज कलाकार हैं कि अगर आप अपनी पोजिशनिंग ठीक से नहीं करेंगे,तो भटक जाएंगे। मैं यह नहीं कहूंगी कि चुन रही हूं, लेकिन मेकर्स देख पा रहे हैं कि संजीदा को अलग-अलग रोल के लिए भी बुला सकते हैं।
जब मैं धमाल 4 के लिए इंद्र (कुमार) सर को मिलने गई थी, तब उन्होंने कहा की आपने हीरामंडी वेब सीरीज की है, आप तो बहुत गंभीर छवि वाली अभिनेत्री हैं। मैंने कहा सर एक बार मेरे साथ काम करिए, आपको पता चलेगा की मैं कितनी गंभीर हूं। उन्हें पता चला कि मैं कामेडी भी कर सकती हूं। मैं अब करियर के उस स्टेज पर हूं, जहां कंफर्ट जोन के बाहर का काम करना है।
पोजिशनिंग को सही रखने के लिए क्या करना पड़ा?
इस पर संजीदा कहती हैं कि पोजिशनिंग से मेरा मतलब यह भी है कि रोज सुबह उठकर अपना काम कल से बेहतर करना है। खुद पर काम करती रहूंगी, तो अपने आप इस इंडस्ट्री में टिकी रहूंगी। डिजिटल प्लेटफार्म पर ऐसे कई कंटेंट हैं, जिसमें कोई एक्टर ऐसे एक-दो सीन कर देता है कि सारा ध्यान उस पर चला जाता है। मैं भी वैसा काम करना चाहती हूं।

मैं रोल की लंबाई की चिंता नहीं करती हूं। मैं जिंदगी के उस दौर में हूं, जहां दमदार रोल मायने रखता है। स्क्रीन पर जितनी देर के लिए हैं, उसमें ईमानदार रहें। वही दर्शकों से कनेक्ट करता हैं, क्योंकि दर्शक बहुत स्मार्ट हैं। मुझे वैसे भी दिखावा करना पसंद नहीं है। मैं इस इंटरनेट मीडिया के जमाने में भी जितनी साधारण रह सकती हूं, रहती हूं। जितनी जरुरत है, उतना ही दिखती हूं।
अवार्ड समारोह में जाती हूं, क्योंकि वह प्यार की वजह से मिलता है। बाकी कोशिश चुपचाप अपना काम करने की होती है।
एक बेटी की मां संजीदा की कहानियों को लेकर पसंद कभी उनकी बेटी की वजह से बदली नहीं। वह आगे कहती हैं कि मैं जेन अल्फा की मां हूं। मेरी बेटी अंग्रेजी के वो शब्द बोलती हैं, जो मुझे तब भी पता नहीं थे, जब मैं 18 साल की थी। मैं वो मां नहीं हूं, जो किरदार के बारे में यह सोचूं की कल जाकर मेरी बेटी मेरा कौन सा काम देखेंगी? मेरी बेटी सब देखेगी, उसकी मां सारे रोल करेगी, जो करने चाहिए।
-1786800729388.webp)
क्या कोई ऐसे सितारों और मेकर्स की लिस्ट है, जिनसे संजीदा सामने से काम मांग रही हैं?
इस पर वह कहती हैं कि मुझसे बस यही काम नहीं होता है। मैं किसी को काम के लिए अप्रोच नहीं करती हूं। मेरी कोई अपनी बनाई हुई लिस्ट नहीं है। अपने आप एक बेहतरीन लिस्ट बनती जा रही है, जिसमें कमाल के निर्देशक और कलाकार शामिल होते जा रहे हैं। मैं उनकी लिस्ट में अपने आप शामिल होती जा रही हूं।

