विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Irrfan Khan के फैंस के लिए सरप्राइज, 14 साल पुराने 'पान सिंह तोमर' के अनदेखे फुटेज से बनी डाक्यूमेंट्री

Published: Wed, 29 Apr 2026 09:17 AM (GMT+05:30)

इरफान खान की छठवीं पुण्यतिथि के मौके पर 'पान सिंह तोमर' के मेकर्स ने उन पर एक बेहद दिलचस्प डॉक्यूमेंट्री तैयार की है, जिसकी आज मुंबई में स्क्रीनिंग है।

इरफान खान पर बनी डॉक्यूमेंट्री/ फोटो- Instagram

इरफान खान पर बनी डॉक्यूमेंट्री/ फोटो- Instagram

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूजनेटवर्क, मुंबई। अभिनेता इरफान की छठवीं पुण्यतिथि पर उन पर बनी डाक्यूमेंट्री 'ए स्टोरी दैट रिफ्यूज्ड टू डाई' लेकर आ रही हैं निर्देशिका रंजीता कौर। इसकी स्पेशल स्क्रीनिंग आज (29 अप्रैल) मुंबई में नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर में होगी।

यह फिल्म इरफान अभिनीत 'पान सिंह तोमर' के 14 साल पुराने अनदेखे फुटेज (BTS) पर आधारित है। रंजीता ने इसे लेकर कहा, 'कभी सोचा नहीं था कि यह बना पाऊंगी। इरफान की पत्नी सुतापा ने डाक्यूमेंट्री देखी है, लेकिन उनके बेटे बाबिल और अयान पहली बार इसे आज देखेंगे।'

ऐसे बनी डाक्यूमेंट्री

रंजीता इस डाक्यूमेंट्री की कहानी बताते हुए कहती हैं, "मैंने फिल्म का बिहाइंड द सीन (बीटीएस) शूट किया था। साल 2009 में फिल्म की शूटिंग और बीटीएस खत्म हो गया था। हम रिलीज की प्रतीक्षा कर रहे थे। तीन साल बाद साल 2012 में फोन आया कि हम फिल्म रिलीज कर रहे हैं। मुझे उस बीटीएस को एडिट करना था। मैंने टेप भेज दी, क्योंकि मैं दूसरे प्रोजेक्ट पर काम कर रही थी। सारे टेप्स तब तक खराब हो गए थे, क्योंकि उसमें नमी पकड़ ली थी। मेरा दिल दुखा। खैर, फिल्म रिलीज हो गई। आठ-नौ महीने बाद मुझे किसी हार्ड ड्राइव में वही फुटेज फिर से मिले। तब लगा कि डाक्यूमेंट्री बनानी चाहिए, क्योंकि फिल्म को शूट करने का अनुभव कमाल का था।"

यह भी पढ़ें- ईद पर इरफान खान के बेटे को Tabu ने दिया खास तोहफा, बाबिल ने सोशल मीडिया पर दिखाई झलक

paan singh tomar

जब इरफान ने कहा देखोगी भी नहीं मेरी तरफ

फिल्म के सेट पर रंजीता की इरफान से दो-तीन बार बात हुई थी। वह एक किस्सा सुनाते हुए कहती हैं,

"बीटीएस शूट करके जब हम वापस आ गए थे, तब मुझे फिल्म की टीम का एक इंटरव्यू करना था। तिग्मांशु सर का इंटरव्यू कर लिया था, लेकिन इरफान जी न मेरे कॉल न मैसेज का जवाब दे रहे थे। मैंने तिग्मांशु सर से निवेदन किया, उनके कहने पर इरफान ने एक दिन बाद का समय दिया। जब वह आए, तो मैं उनसे खफा चल रही थी। उन्होंने हाय कहा, मैंने भी कहा और अपने काम में लग गई। वो इतने संवेदनशील थे, उन्होंने मेरी छोटी सी नाराजगी को भी भांप लिया। मुझे चिढ़ाते हुए कहा कि अच्छा, तो तुम अब मेरी तरफ देखोगी भी नहीं, बात भी नहीं करोगी। मैंने कहा कि कितने फोन किए आपको।"

paan singh tomhar 1

ओटीटी पर लाना जरूरी है

आगे डाक्यूमेंट्री की रिलीज को लेकर रंजीता ने बताया, 'फिलहाल हम चाहते हैं कि यह कई फेस्टिवल में जाए, जहां लोग इसे देखें। फिर किसी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करेंगे। फेस्टिवल में हर कोई नहीं देख सकता है और इरफान के प्रशंसक हर जगह हैं, इसलिए इसे ओटीटी पर लाना जरूरी है।'

आईं कई दिक्कतें

रंजीता कहती हैं, 'इसे बनाते समय मेरे पास पैसे खत्म हो गए थे। फिर मैंने इसे बंद कर दिया था। हम बुलेट राजा फिल्म के सेट पर थे, उस वक्त खबरें आईं कि पान सिंह तोमर को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल गया है। तब तिग्मांशु सर ने कहा था कि तुम डाक्यूमेंट्री बना रही थी, क्या हुआ। मैंने बताया कि पैसे खत्म हो गए हैं। उन्होंने कहा कि मैं पूरा खर्च उठाऊंगा।'

यह भी पढ़ें- खुद थे कैंसर के दर्द में लेकिन ऐसे रखा पत्नी का ध्यान... Babil Khan ने शेयर की पिता इरफान की वो तस्वीर