विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Lok Sabha Election 2024: तीसरे चरण का प्रचार थमा, EVM में कैद होगा इन दिग्गजों का भाग्य; सात मई को मतदान

Updated: Sun, 05 May 2024 09:41 PM (IST)

Lok Sabha Election 2024 लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का प्रचार अभियान रविवार शाम को थम गया। मंगलवार यानी सात मई को देश की कुल 93 लोकसभा सीटों पर मतदान हो ...और पढ़ें

लोकसभा चुनाव 2024: तीसरे चरण का प्रचार अभियान थमा।
लोकसभा चुनाव 2024: तीसरे चरण का प्रचार अभियान थमा।

जागरण टीम, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में आगामी 7 मई को होने वाले तीसरे चरण के मतदान के लिए रविवार शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम गया। इस चरण में 11 राज्यों के 93 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा।

इस चरण में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का भाग्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। तीसरे चरण में गुजरात की शेष बची 25 सीटों के लिए वोट पड़ेंगे। राज्य की सूरत लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुना जा चुका है।

यह भी पढ़ें: गुजरात में कांग्रेस ने चला जातीय कार्ड, इन सीटों पर भाजपा को मिल सकती चुनौती; जानिए क्या है 'खाम' समीकरण

यहां होगा मतदान

गांधीनगर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भाजपा प्रत्याशी हैं। असम की चार, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, कर्नाटक की 14, गोवा की दो, गुजरात की 25, मध्य प्रदेश की नौ, महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश की 10, बंगाल की चार, दमन और दीव की दो सीटों के लिए सात मई को वोट पड़ेंगे।

गुना से सिंधिया मैदान में

मप्र में मुरैना, भिंड (अजा), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ और बैतूल (अजजा) सीटों के लिए मतदान होगा। गुना से भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और राजगढ़ से दिग्गज कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह चुनावी मैदान में हैं। 

बारामती सीट पर सबकी निगाहें

महाराष्ट की बारामती सीट पर वोट पड़ेंगे जहां से राकांपा (एसपी) की नेता सुप्रिया सुले और राज्य के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की पत्नी और राकांपा प्रत्याशी सुनेत्रा पवार आमने-सामने हैं। 

यूपी की 10 सीटों पर चुनाव

उत्तर प्रदेश में सम्भल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली लोकसभा क्षेत्रों में सात मई को मतदान होगा। दस सीटों पर सौ उम्मीदवार मैदान में हैं। मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव का चुनावी भाग्य इसी चरण में तय होगा।  

कर्नाटक की 14 सीटों पर होगी वोटिंग

इस चरण में कर्नाटक की 14 लोकसभा सीटों के लिए सात मई को वोट पड़ेंगे। भाजपा ने 2019 में राज्य की सभी 14 सीटें जीती थी। राज्य में 28 लोकसभा क्षेत्र हैं। 14 सीटों के लिए 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। इस बार राज्य में अश्लील स्कैंडल का मुद्दा छाया हुआ है। भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई (हावेरी) और जगदीश शेट्टार (बेलगाम), पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी (उत्तरा कन्नड़) और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई राघवेंद्र (शिमोगा) से प्रत्याशी हैं, जहां मंगलवार को वोट पड़ेंगे।  कांग्रेस अध्यक्ष एम मल्लिकार्जुन खड़गे के दामाद राधाकृष्ण डोड्डामणि गुलबर्गा से चुनाव लड़ रहे हैं।

बंगाल की मालदा उत्तर, मालदा दक्षिण, जंगीपुर और मुर्शिदाबाद और असम की धुबरी, बारपेटा, कोकराझार (एसटी) और गुवाहाटी सीटों के लिए मंगलवार को मतदान होगा।

यह भी पढ़ें: तीसरे चरण में मध्य प्रदेश में 14% दागी प्रत्याशी, सिंधिया सबसे रईस; बसपा उम्मीदवार पर 351 करोड़ की देनदारी