दिल्ली में ड्रग्स सप्लाई की साजिश नाकाम, पुलिस ने दो महिलाओं को किया गिरफ्तार
रोहिणी जिले के विजय विहार थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस।
HighLights
विजय विहार पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान में दो महिलाएं पकड़ीं।
गिरफ्तार महिलाओं के पास से 34.4 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
ये महिलाएं स्मैक की छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की तैयारी में थीं।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। दिल्ली के रोहिणी जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजय विहार थाना पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके कब्जे से 34.4 ग्राम स्मैक बरामद की है। दोनों महिलाएं कथित तौर पर स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की तैयारी कर रही थीं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए रोहिणी जिले में लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 5 अक्टूबर 2026 को विजय विहार थाना पुलिस की टीम लाल क्वार्टर के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक रिहायशी इमारत के पास दो महिलाएं संदिग्ध अवस्था में दिखाई दीं।
पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई
पुलिस को देखकर दोनों महिलाओं ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से 34.4 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान संगीता (24) और शिवानी (25) के रूप में हुई है।
संगीता विजय विहार फेज-2 की रहने वाली है और उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट का एक मामला दर्ज है। शिवानी पटेल नगर की रहने वाली है।
यह कार्रवाई विजय विहार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोहर लाल मीणा के नेतृत्व में और एसीपी रोहिणी बृज मोहन मीणा की देखरेख में की गई। टीम में एसआई उद्देश्य, हेड कांस्टेबल प्रदीप और महिला हेड कांस्टेबल शकुंतला शामिल रहीं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
