24 घंटे बाद फिर नरेला में रफ्तार का कहर, बलेनो ने बाइक सवार और रेहड़ी को मारी टक्कर
नरेला में तेज रफ्तार बलेनो ने बाइक सवार और रेहड़ी को टक्कर मारी, जिससे दो लोग घायल हो गए और चालक फरार हो गया। यह घटना एक दिन पहले हुई मर्सिडीज दुर्घटन ...और पढ़ें

नरेला में तेज रफ्तार बलेनो ने बाइक सवार और रेहड़ी को टक्कर मारी। (AI Generated Image)
HighLights
तेज रफ्तार बलेनो ने बाइक और रेहड़ी को टक्कर मारी।
हादसे में बाइक सवार और रेहड़ी संचालक घायल हुए।
चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। नरेला में शनिवार को मर्सिडीज की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि रविवार सुबह तेज रफ्तार बलेनो ने एक बार फिर सड़क पर दहशत पैदा कर दी। सफियाबाद रोड पर तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी और इसके बाद सड़क किनारे लगी राजमा-चावल की रेहड़ी में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार और रेहड़ी संचालक घायल हो गए। उपचार के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफेद रंग की हरियाणा नंबर की बलेनो सुबह करीब आठ बजे तेज रफ्तार से आई और एक बाइक को टक्कर मारने के बाद बेकाबू कार रेहड़ी से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेहड़ी पलटकर क्षतिग्रस्त हो गई। रेहड़ी संचालक के मुताबिक, हादसे में करीब 15 से 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
लोगों ने पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी पर नाराजगी जताई
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपित कार चालक नशे की हालत में था। हादसे के बाद वह कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि इलाके में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। इस मामले में पुलिस यह नहीं बता पाई कि हादसे में कौन जख्मी हुआ और आराेपित चालक कौन है।
एक दिन पहले गई थी महिला की जान
शनिवार को नरेला में मर्सिडीज की टक्कर के बाद एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। लगातार दो दिनों में हुए हादसों ने इलाके में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई और ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने की मांग की है।