दक्षिणी दिल्ली में भारी बारिश का कहर, एमबी रोड पर लगा लंबा जाम; एक स्कूल की दीवार भी गिरी
दक्षिणी दिल्ली में भारी वर्षा से यातायात व्यवस्था चरमरा गई, एमबी रोड पर भीषण जाम और संगम विहार में जलभराव ...और पढ़ें
-1787589746956_m.webp)
भारी बारिश के कारण दक्षिणी दिल्ली की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया।
HighLights
दक्षिणी दिल्ली में तेज वर्षा से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
एमबी रोड पर भीषण जाम और संगम विहार में जलभराव।
हमदर्द पब्लिक स्कूल की दीवार गिरी, स्कूल वैन फंसी।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। सोमवार तड़के बदले मौसम और हुई तेज वर्षा ने दक्षिणी दिल्ली की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। एमबी रोड पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वर्षा के बीच जाम में फंसे लोगों को काफी देर तक सड़क पर परेशान होना पड़ा। वाहन भी रेंग रेंग कर चलते हुए नजर आए।
वहीं, संगम विहार में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। कई सड़कों पर दो फीट से अधिक पानी भर गया, जिससे पैदल चलना तो दूर, वाहन निकालना भी मुश्किल हो गया। इतना ही नहीं स्कूल की दीवार भी अचानक भरभराकर गिर गई।
पानी में फंसी स्कूल वैन, बच्चों ने लगाया धक्का
संगम विहार की कई गलियों और मुख्य सड़कों पर बारिश का पानी जमा होने से लोगों को घुटनों तक पानी के बीच से गुजरना पड़ा। शनि बाजार रोड पर एक स्कूल वैन पानी में फंसकर बंद हो गई। इस दौरान स्कूली बच्चों ने वैन को धक्का मारकर बाहर निकाला। छात्रों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।
जलभराव के बीच कुछ बच्चे नाक बंद कर पानी में डुबकी लगाते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलनिकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण बारिश के बाद हर बार यही स्थिति बनती है।
स्कूल की दीवार भरभराकर गिरी
भारी बारिश के बीच संगम विहार स्थित हमदर्द पब्लिक स्कूल की एक दीवार भी भरभराकर गिर गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि दीवार गिरने के समय आसपास कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। लगातार वर्षा के कारण स्कूल से घर लौट रहे छात्रों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एमबी रोड पर घंटों जाम
उधर, एमबी रोड पर बारिश के बाद यातायात की रफ्तार थम गई। देवली, खानपुर और आसपास के हिस्सों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दफ्तर और काम पर जाने वाले लोगों को जाम में घंटों फंसे रहना पड़ा। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान जलभराव और धीमे यातायात के कारण एमबी रोड पर अक्सर जाम की स्थिति बनती है। सोमवार को भी लोगों को इससे राहत नहीं मिल सकी।
