विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राघव चड्ढा का नाम वोटर लिस्ट में कैसे जुड़ा? चुनाव आयोग ने आरोपों पर कहा- नहीं हुई कोई गड़बड़ी

Published: Tue, 08 Sep 2026 10:53 PM (IST)

आम आदमी पार्टी के आरोपों पर दिल्ली चुनाव कार्यालय ने राघव चड्ढा का नाम मतदाता सूची में शामिल करने पर ...और पढ़ें

चुनाव कार्यालय ने कहा है कि किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची में जोड़ने, हटाने या उसमें संशोधन करने की कार्रवाई निर्धारित फाॅर्म और नियमों के तहत ही की जाती है। फाइल फोटो

चुनाव कार्यालय ने कहा है कि किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची में जोड़ने, हटाने या उसमें संशोधन करने की कार्रवाई निर्धारित फाॅर्म और नियमों के तहत ही की जाती है। फाइल फोटो

HighLights

  1. चुनाव कार्यालय ने राघव चड्ढा के नाम पर आरोपों को खारिज किया।

  2. कहा, मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया नियमों के तहत हुई।

  3. नए स्वीकृत नाम 4 नवंबर को अनुपूरक सूची में जोड़े जाएंगे।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट की मतदाता सूची में बिना निर्धारित प्रक्रिया के शामिल किए जाने का आरोप लगाए जाने के बाद दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने स्थिति स्पष्ट की है।

चुनाव कार्यालय ने कहा है कि किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची में जोड़ने, हटाने या उसमें संशोधन करने की कार्रवाई निर्धारित फाॅर्म और नियमों के तहत ही की जाती है और चड्ढा के मामले में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है।

कब जमा कर सकते हैं फॉर्म-6?

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फाॅर्म-6, नाम हटाने के लिए फाॅर्म-7 और मौजूदा प्रविष्टि में संशोधन के लिए फाॅर्म-8 का इस्तेमाल किया जाता है। नियम के अनुसार मतदाता नाम जुड़वाने के लिए साल में किसी भी समय फाॅर्म जमा कर सकते हैं।

कार्यालय के मुताबिक एसआईआर के दौरान सूची फ्रीज रहने के बावजूद करीब 2.14 लाख फाॅर्म-6 प्राप्त हुए थे। सभी आवेदनों की ईआरओ स्तर पर प्रक्रिया चल रही है। 31 अगस्त को ड्राफ्ट रोल प्रकाशित होने के बाद 7 सितंबर तक 25,011 और फाॅर्म-6 जमा हुए।

4 नवंबर को अनुपूरक सूची में जुड़ेंगे नाम

सीईओ कार्यालय ने बताया कि आठ सितंबर तक करीब 700 आवेदनों को मंजूरी मिल चुकी है। स्वीकृत नए नाम 4 नवंबर को प्रकाशित होने वाली अनुपूरक सूची में जोड़े जाएंगे।

बता दें कि आप ने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान प्रक्रिया का पालन किए बिना दिल्ली में चड्ढा का नाम जोड़ा गया है। पार्टी ने पूछा था कि जब दिल्ली की मतदाता सूची 16 जून को फ्रीज कर दी गई थी तो यह नाम कैसे जुड़ गया।