'AAP एक्स गर्लफ्रेंड की तरह कर रही व्यवहार', राघव चड्ढा का आम आदमी पार्टी पर पलटवार
भाजपा सांसद राघव चड्ढा ने दिल्ली में वोट बनवाने को लेकर आम आदमी पार्टी के हमलों पर तीखा पलटवार किया ...और पढ़ें

राघव चड्ढा। फाइल फोटो
HighLights
राघव चड्ढा ने आप के हमलों पर तीखा पलटवार किया।
उन्होंने आप की तुलना ऐसी पूर्व प्रेमिका से की।
आप ने चड्ढा के दिल्ली में वोट बनवाने पर सवाल उठाए।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भाजपा के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने दिल्ली में अपने वोट बनने को लेकर आम आदमी पार्टी के हमले पर तीखा पलटवार किया है। चड्ढा ने कहा कि आप की हालत ऐसी हो गई है कि वह दिन-रात सिर्फ राघव चड्ढा का नाम ले रही है और अब वह उन्हें रात में सपने में भूत की तरह दिखाई देने लगे हैं।
उन्होंने आप की तुलना ऐसी पूर्व प्रेमिका से की, जिसे उसका प्रेमी छोड़कर आगे बढ़ चुका है, लेकिन वह अब भी उसके प्यार में पागल है और उससे उबर नहीं पा रही है। चड्ढा ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें डर है कि कहीं दिल टूटने के बाद आप उनकी याद में अपनी नसें न काट ले।
अनुराग ढांडा ने उनके दिल्ली में वोट बनने की प्रक्रिया पर फिर सवाल उठाए
चड्ढा के इस बयान से पहले आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने उनके दिल्ली में वोट बनने की प्रक्रिया पर फिर सवाल उठाए। ढांडा ने कहा कि चड्ढा ने 26 अगस्त को राजेंद्र नगर में वोट बनवाने के लिए फार्म-6 भरा और सात दिन में, दो सितंबर को उनका वोट बन गया। उन्होंने सवाल किया कि फिर तीन सितंबर को चड्ढा ने पंजाब सरकार पर वोट कटवाने का आरोप क्यों लगाया, जबकि एक दिन पहले ही दिल्ली में उनका वोट बन चुका था।
ढांडा के अनुसार, यदि पंजाब में पहले से वोट था तो दिल्ली में नया वोट बनवाने के बजाय फार्म-8 के जरिए वोट ट्रांसफर होना चाहिए था। उन्होंने नए ईपीआईसी नंबर जारी होने, आपत्ति का मौका नहीं मिलने और बीएलओ नियुक्ति व सत्यापन की तेजी पर भी सवाल उठाए। साथ ही राजेंद्र नगर के पते और पंडारा रोड स्थित उनके सरकारी आवास को लेकर चुनाव आयोग से स्पष्टीकरण मांगा।
