विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लाल किले से पीएम मोदी का भाषण दर्शकों को खूब भाया, 75 मिनट में 57 बार बजी तालियां

Updated: Sat, 15 Aug 2026 06:14 PM (IST)

प्रधानमंत्री मोदी के लाल किले से दिए गए भाषण को दर्शकों ने खूब सराहा, जिसमें विकसित भारत-2047 का संकल्प दोहराया गया। 75 मिनट के संबोधन के दौरान 57 बार तालियां बजीं और युवाओं के लिए AI प्रशिक्षण व मुफ्त कोचिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जोर दिया गया।

पीएम मोदी ने लाल किले पर फहराया तिरंगा।

पीएम मोदी ने लाल किले पर फहराया तिरंगा।

HighLights

  1. पीएम मोदी का लाल किले से भाषण दर्शकों को खूब भाया।

  2. 75 मिनट के संबोधन में 57 बार तालियां बजीं, उत्साह चरम पर।

  3. विकसित भारत-2047, युवा प्रशिक्षण और रक्षा आत्मनिर्भरता पर जोर।

निहाल सिंह, नई दिल्ली। देश की आजादी के 80वें वर्ष की पहली प्रभात बेला पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से एक बार फिर देश को संबोधित किया। देशभर में युवा, महिला, बुजुर्ग और हर वर्ग के लोगों में प्रधानमंत्री के भाषण की सराहना हो रही है।

वहीं, आजादी के 80वें वर्ष में लाल किला परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के साक्षी बने दर्शकों को भी पीएम मोदी का भाषण खूब भाया। लाल किला परिसर में मौजूद दर्शक दीर्घा में बैठे स्कूली बच्चों से लेकर प्रमुख हस्तियों और नागरिकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पीएम ने जब विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराया तो दर्शकों का उत्साह हिलोरे मारने लगा।

करीब 75 मिनट के संबोधन के दौरान 57 बार तालियां बजीं

स्वतंत्रता दिवस समारोह में पीएम को सुनकर नागरिक गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। यही वजह रही कि पीएम के करीब 75 मिनट के संबोधन के दौरान 57 बार तालियां बजीं। स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार पूरे ‘वंदे मातरम’ का गायन भी ऐतिहासिक क्षण रहा। इसके बाद लोगों ने तालियां बजाईं और भारत माता के जयघोष किए।

इतना ही नहीं, पीएम मोदी ने एक करोड़ युवाओं को एआई का प्रशिक्षण देने, गरीब और मध्यम वर्गीय युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और रेलवे के तेजी से आधुनिकीकरण जैसे विषयों का जिक्र किया तो लाल किला परिसर दर्शकों की तालियों से गूंज उठा।

गणतंत्र दिवस पर पीएम मोदी की वेशभूषा पर भी लोगों की नजर

इसी तरह, हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर पीएम मोदी की वेशभूषा पर भी लोगों की नजर होती है। जैसे ही राजघाट से पीएम की पहली तस्वीर लाल किला परिसर में लाइव दिखाई गई, उनकी जयपुरी पगड़ी ने दर्शकों को आकर्षित किया। लोग पीएम की पगड़ी को लेकर चर्चा करते नजर आए।

वहीं, जब पीएम भाषण खत्म होने के बाद दौड़ते हुए बच्चों के बीच पहुंचे, तब भी दर्शक टकटकी लगाए उन्हें देखते रहे। पीएम को लोगों के बीच जाते हुए देखने और उनकी तस्वीर अपने मोबाइल में कैद करने को लेकर भी दर्शकों में खासा उत्साह था।

वर्ष-संबोधन का समय - कितनी बार बजी तालियां
वर्ष संबोधन का समय (मिनट) कितनी बार बजी तालियां
2022 74 56
2023 82 58
2024 98 49
2025 103 106
2026 75 57

यह भी पढ़ें- 'विकसित दिल्ली के लिए सरकार और नागरिक को मिलकर करना होगा काम', LG तरनजीत सिंह संधू ने की अपील