पिंक टिकट पर फ्री बस सेवा रहेगी जारी! महिलाओं को बड़ी राहत; कब से लागू होगा गुलाबी कार्ड का नया नियम
दिल्ली में महिलाओं के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड की अनिवार्यता अब 1 सितंबर 2026 से लागू होगी, जिससे मुफ्त बस यात्रा के लिए मौजूदा पिंक टिकट की व्यवस्था 31 अगस्त तक बढ़ा दी गई है।
-1786786295263_m.webp)
दिल्ली की महिलाओं को डीटीसी ने बड़ी राहत दी। फोटो - AI जनरेटेड
HighLights
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड की अनिवार्यता 1 सितंबर 2026 तक टली।
31 अगस्त तक पिंक टिकट पर मुफ्त यात्रा जारी रहेगी।
1 सितंबर 2026 से स्मार्ट कार्ड टैप करना अनिवार्य होगा।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की बसों में मुफ्त यात्रा करने वाली महिलाओं को फिलहाल राहत मिल गई है। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को अनिवार्य करने की तारीख एक बार फिर आगे बढ़ा दी है। अब महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का लाभ लेने के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड 1 सितंबर 2026 से अनिवार्य होगा। इससे पहले इसे 16 अगस्त से लागू करने की तैयारी थी।
डीटीसी के आपरेशन विभाग की ओर से 14 अगस्त को जारी आदेश के अनुसार, मौजूदा पिंक टिकट की व्यवस्था को 31 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। यानी इस अवधि में पात्र महिला यात्री डीटीसी और डिम्ट्स की क्लस्टर बसों में पहले की तरह पिंक टिकट लेकर मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।
परिचालकों को निर्देश दिया गया है कि 31 अगस्त तक किसी पात्र महिला को केवल स्मार्ट कार्ड नहीं होने के कारण मुफ्त यात्रा से वंचित न किया जाए।
1 सितंबर से बदल जाएगी व्यवस्था
डीटीसी ने स्पष्ट किया है कि 1 सितंबर से व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी। इसके बाद मुफ्त यात्रा के लिए वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को बस में टैप करना अनिवार्य होगा। जिन महिलाओं के पास स्मार्ट कार्ड नहीं होगा, उन्हें मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी और उन्हें सामान्य यात्री की तरह निर्धारित किराया देकर टिकट लेना होगा।
कर्मचारियों को दिए निर्देश
निगम ने सभी डिपो प्रबंधकों, क्षेत्रीय प्रबंधकों, परिचालकों और प्रवर्तन कर्मचारियों को नई तारीख की व्यापक जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। महिलाओं को सलाह दी गई है कि वे 31 अगस्त से पहले निर्धारित पिंक कार्ड वितरण केंद्रों से स्मार्ट कार्ड प्राप्त कर लें, ताकि सितंबर से मुफ्त यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में 1 अगस्त से महिलाओं की फ्री बस यात्रा पर नया नियम, बिना पिंक सहेली कार्ड देना होगा किराया
इसके साथ ही डीटीसी ने डिपो और बसों में उद्घोषणा कर जागरूकता अभियान चलाने को कहा है। परिचालकों को यात्रियों से विनम्रता से व्यवहार करने और नई व्यवस्था की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं। यानी कार्ड व्यवस्था लागू करने से पहले विभाग के पास एक और मौका है कि वह प्रचार ठीक से करें।

