BRICS सम्मेलन के लिए नई दिल्ली तैयार, 41 सड़कों की 14 सर्किल में निगरानी; 24 घंटे चलेगा सफाई अभियान
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने शहर में तैयारियां तेज कर दी हैं। 41 प्रमुख ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
41 प्रमुख सड़कों को 14 सर्किल में बांटा गया।
ब्रिक्स सम्मेलन के लिए 24 घंटे स्वच्छता व्यवस्था रहेगी।
शहर के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) देशों का शिखर सम्मेलन के मद्देनजर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने इसकी तैयारियां तेज कर दी है।
सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली को स्वच्छ, हरित, सुरक्षित और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए 41 प्रमुख सड़कों को 14 सर्किल में बांटा गया है। प्रत्येक सर्किल के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो फील्ड टीम के साथ प्रतिदिन क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। साथ ही 24 घंटे कार्यों की निगरानी होगी।
चौबीसों घंटे स्वच्छता व्यवस्था
एनडीएमसी चेयरमैन मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि नौ से 14 सितंबर तक चौबीसों घंटे स्वच्छता व्यवस्था रहेगी। इसके लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों और विशेष रात्रि टीमों की तैनाती की जाएगी।
मैकेनिकल रोड स्वीपर, राइड-आन स्वीपर और स्क्रबर समेत विभिन्न मशीनों से सड़कों की गहन सफाई होगी। अस्थायी डस्टबिन और मोबाइल शौचालय भी लगाए जाएंगे। आवारा पशुओं को हटाने की कार्रवाई के साथ होटल, आरडब्ल्यूए और मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के सहयोग से सफाई व्यवस्था बनाए रखी जाएगी।
सुंदरीकरण के कार्य के तहत 15 स्थानों पर पुष्प सुसज्जित बोर्ड, नौ स्थानों पर फूलों के फव्वारे और 17 गोलचक्करों पर विशेष लैंडस्केपिंग की जाएगी। प्रमुख सड़कों और मार्गों पर मौसमी फूल लगाए जाएंगे तथा ग्रीन कारिडोर, झाड़ियों और सजावटी प्लांटर्स का रखरखाव किया जाएगा।
बुनियादी सुविधाओं के तहत सड़कों के गड्ढे और फुटपाथ दुरुस्त किए जाएंगे। रेलिंग, रोड साइन, स्ट्रीट फर्नीचर और सार्वजनिक शौचालयों का भी निरीक्षण व रखरखाव होगा। वर्षा की स्थिति में जलभराव रोकने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
स्ट्रीट लाइटों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के साथ बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात रहेगी।
निगरानी के लिए कंट्रोल सेंटर, स्पेशल ट्रैफिक प्लान
सम्मेलन की ब्रांडिंग के लिए 154 डिजिटल स्क्रीन और करीब 83 सार्वजनिक शौचालयों को इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, अतिक्रमण, अनधिकृत होर्डिंग और अनधिकृत वेंडिंग के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलेगा।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था के लिए दिल्ली पुलिस समेत संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया जाएगा। ब्रिक्स बाजार, ब्रिक्स रन एंड राइड, म्यूरल-पेंटिंग और फूड फेस्टिवल जैसे कार्यक्रमों के लिए भी अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए 24 घंटे कमांड एंड कंट्रोल सेंटर संचालित होगा, जहां सीसीटीवी, फील्ड रिपोर्ट और अधिकारियों के निरीक्षण के माध्यम से स्थिति पर नजर रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें- अगले कुछ महीनों में 3 बार मिलेंगे पीएम मोदी और पुतिन, भारत-रूस का क्या है मास्टर प्लान?
यह भी पढ़ें- सुलझ जाएगा भारत-चीन सीमा विवाद, बीजिंग में डोभाल की एंट्री; एजेंडे में और क्या?
