विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 03, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Update: नवंबर के बाद क्या दिसंबर की बारी? दिल्ली में कब आएगी ठंड; मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में कही ये बात

Updated: Tue, 03 Dec 2024 06:00 AM (IST)

नवंबर के बाद अब दिसंबर में भी दिल्ली में ठंड का आगाज नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने मंगलवार को हल्के कोहरे का पूर्वानुमान लगाया है। दिन में आसमान साफ रहेग ...और पढ़ें

दिल्ली में अभी तक नई आई कड़ाके वाली ठंड (फाइल फोटो)।
दिल्ली में अभी तक नई आई कड़ाके वाली ठंड (फाइल फोटो)।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में फिलहाल सर्दी नहीं पहुंची है। दिसंबर के पहले सप्ताह में जो औसत तापमान रहता है वो भी अभी ज्यादा बना हुआ है। राजधानी में ठंड आने में देरी हो रही है। वहीं, मौसम विभाग ने मंगलवार को हल्के कोहरे का पूर्वानुमान लगाया है। दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 27 डिग्री सेल्सियस व 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

दिसंबर भी रह सकता एक दशक में सबसे गर्म

नवंबर के बाद दिसंबर भी एक दशक में सबसे गर्म रह सकता है। आमतौर पर दिसंबर के पहले सप्ताह तापमान 24 से 26 डिग्री के आसपास रहता है। पूर्वानुमान के अनुसार, इस साल आठ दिसंबर तक तापमान 26 डिग्री से नीचे जाने की संभावना नहीं है। इस बार यह सभी दिन 26 या 27 डिग्री पर रहने के आसार हैं। 2011 से अब तक दिसंबर के पहले हफ्ते में मौसम का ऐसा मिजाज नहीं दिखा था।

मानसून जाने के बाद अभी तक नहीं हुई बारिश

इतना ही नहीं, मानसून के जाने के बाद से राजधानी में अब तक वर्षा नहीं हुई है। सितंबर के पहले हफ्ते के बाद से ही राजधानी का मौसम शुष्क चल रहा है। अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर में यूं तो बरसात काफी कम होती है। लेकिन यह वर्षा ठंड को बढ़ाने के लिए काफी अहम होती है।

जबकि यह वर्षा पूरी तरह पश्चिमी विक्षोभ पर ही निर्भर करती है। इस बार पहाड़ों पर कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं जो उत्तर भारत के बड़े हिस्से तक अपने प्रभाव को नहीं पहुंचा रहे हैं। यही वजह है कि इस बार सर्दियों का आगाज भी काफी देरी से हुआ है।

ये भी पढ़ें- Delhi Air Pollution: नवंबर में नहीं, दिसंबर में मिल रही जहरीली हवा से राहत; दूसरे दिन भी खराब श्रेणी में रहा AQI

कल कितना रहा तापमान

सोमवार को दिन भर आसमान साफ और मौसम गुनगुनी धूप वाला रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में यह सबसे कम 24.2 डिग्री रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आयानगर में यह सबसे कम 9.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। हवा में नमी का स्तर 89 से 61 प्रतिशत तक रहा।