विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 08, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Sarita Vihar Flyover: एक हफ्ते के लिए टला सरिता विहार फ्लाईओवर की मरम्मत का काम, मथुरा रोड पर बढ़ेगा ट्रैफिक

By Jagran NewsEdited By: Narender Sanwariya
Updated: Thu, 08 Jun 2023 05:24 AM (IST)

सरिता विहार फ्लाईओवर के मरम्मत कार्य को एक हफ्ते के लिए टाल दिया गया है। सरिता विहार फ्लाईओवर के बंद होने से मथुरा रोड पर यातायात बढ़ सकता है। नोएडा कालिंदी कुंज सरिता विहार बदरपुर और फरीदाबाद की ओर जाने वाले यातायात मथुरा रोड पर डायवर्ट होगा।

Sarita Vihar Flyover: एक हफ्ते के लिए टला सरिता विहार फ्लाईओवर की मरम्मत का काम, मथुरा रोड पर बढ़ेगा ट्रैफिक
Sarita Vihar Flyover: एक हफ्ते के लिए टला सरिता विहार फ्लाईओवर की मरम्मत का काम, मथुरा रोड पर बढ़ेगा ट्रैफिक

दक्षिणी दिल्ली, जागरण संवाददाता। सरिता विहार फ्लाईओवर के मरम्मत कार्य को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा एक हफ्ते के लिए टाल दिया गया है। मरम्मत कार्य टालने के पीछे का कारण बताते हुए पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ने बताया कि इसे लेकर कुछ तैयारियां बच गई थी। इसे पूरा करने में अभी हफ्तेभर का और समय लग जाएगा।

पीडब्ल्यूडी विभाग ने मंगलवार को घोषणा कर बताया था कि सात जून से 50 दिनों के लिए फ्लाईओवर का एक हिस्सा बंद करने की घोषणा की थी। बता दें कि इस फ्लाईओवर पर ज्वाइंट एक्सपेंशन के साथ 28 मेटल प्लेट को भी बदलने का काम किया जाना है। बुधवार को पीडब्ल्यूडी द्वारा सरिता विहार से कालिंदी कुंज जाने वाले मार्ग पर यू-टर्न की एक साइड की दीवारें तोड़ी गई ताकि भारी वाहनों का आवागमन हो सकें। जिन भारी वाहनों को आश्रम से फरीदाबाद की ओर जाना है उनके लिए यह यू-टर्न की दीवार हटाई गई है।

वहीं यातायात पुलिस के हवाले से जानकारी दी गई कि सरिता विहार फ्लाईओवर मरम्मत कार्य के लिए ठेकेदार का कुछ मामला अटक रहा जिस कारण आज से कार्य नहीं शुरू हो पाया है। इसे अभी कितने दिनों के लिए बढ़ाया जा रहा है इसके लिए कुछ कहा नहीं जा सकता है। बता दें कि बुधवार से फ्लाईओवर पर आश्रम से बदरपुर कैरिजवे पर ज्वाइंट एक्सपेंशन की मरम्मत का काम किया जाना था।

पहले और दूसरे चरण में आश्रम से बदरपुर तक फ्लाईओवर के हिस्से की मरम्मत होना था जबकि तीसरे और चौथे चरण में बदरपुर से आश्रम तक फ्लाईओवर की मरम्मत की जाएगी। पहला और दूसरा चरण सात जून से एक जुलाई तक तो वहीं तीसरा और चौथा तरण दो जुलाई से 26 जुलाई तक तय किया गया था। जिसके चलते यातायात के आवागमन के लिए फ्लाईओवर को बंद किया जाना था। कार्य टलने की वजह से फ्लाईओवर पर यातायात पूर्व की तरह सुचारू रूप से चलता रहा।

फ्लाईओवर के बंद होने से मथुरा रोड पर बढ़ेगा यातायात

सरिता विहार फ्लाईओवर के बंद होने से मथुरा रोड पर यातायात बढ़ सकता है। नोएडा कालिंदी कुंज, सरिता विहार, बदरपुर और फरीदाबाद की ओर जाने वाले यातायात मथुरा रोड पर डायवर्ट होगा। वहीं अपोलो अस्पताल की वजह से भी यह फ्लाईओवर काफी व्यस्त रहता है। ऐसे में मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस या इमरजेंसी वाहनों की भी परेशानी बढ़ सकती है। मरम्मत कार्य एक हफ्ते के लिए टल जाने से बदरपुर, जैतपुर, कालिंदी कुंज और न्यू फ्रेंड्स कालोनी के निवासियों को राहत मिलेगी।