विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बारापुला कॉरिडोर का काम बंद करने की तैयारी... मयूर विहार से एम्स सिग्नल फ्री योजना में होगी देरी; जानें वजह

Updated: Mon, 18 Aug 2025 08:32 PM (IST)

यमुना में बढ़ते जलस्तर के कारण बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर फेज-3 के निर्माण कार्य की गति धीमी हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने कर्मचारियों को चेतावनी दी ह ...और पढ़ें

बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण कार्य की गति हुई धीमी।
बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण कार्य की गति हुई धीमी।

HighLights

  1. यमुना का जलस्तर बढ़ने से निर्माण धीमा हुआ
  2. एहतियातन मशीनरी किनारे से हटा ली गई है
  3. मयूर विहार से एम्स मार्ग सिग्नल फ्री होने में देरी

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। यमुना में बढ़ रहे जलस्तर के चलते बारापुला एलिवेटेड काॅरिडोर फेज-3 के निर्माण कार्य की गति धीमी हो गई है। लोक निर्माण विभाग की ओर से पानी बढ़ने पर काम बंद करने के लिए तैयार रहने की कर्मचारियों को चेतावनी दी गई है।

अभी योजना के ऊपरी भाग में काम चल रहा है, लेकिन पानी अधिक बढ़ने पर काम बंद करने की तैयारी है। विभाग ने यमुना के किनारे से मशीनरी सहित सभी सामान हटा लिया है। विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि यमुना के ऊपर पुल के भाग का काम पूरा हो चुका है।

ऐसे में पुल के अगले हिस्से में ऊपर के भाग में मयूर विहार फेज-एक की ओर काम चल रहा है। चूंकि काम ऊपर चल रहा है इसलिए अभी ज्यादा परेशानी नहीं है, मगर इसी तरह पानी बढ़ता रहा तो एक या दो दिन में काम बंद करना होगा।

क्योंकि निर्माण कार्य के दौरान काफी सामान जमीन पर रहता है। बारापुला के इस फेज में सराय काले खां से मयूर विहार तक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाना है।

इसकी लंबाई साढ़े तीन किलोमीटर है। यह कॉरिडोर आठ लेन का है, जिसकी चौड़ाई 35 मीटर है। इसके तैयार होने पर मयूर विहार से एम्स तक साढ़े नौ किलोमीटर रोड सिग्नल फ्री हो जाएगा।

यहां बता दें कि जुलाई 2023 में यमुना में आई भयंकर बाढ़ के दौरान यमुना का पानी बारापुला फेज-तीन एलिवेटेड काॅरिडोर योजना स्थल में घुस गया था।

उस समय पानी एकाएक इतनी तेजी से बढ़ गया था कि विभाग वहां से मशीनें भी नहीं हटा सका था, पानी में इनके डूब जाने से काफी नुकसान हुआ था। विभाग ने कहा है कि उस घटना को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है।

यह भी पढ़ें- Delhi Floods: उफान पर यमुना, 206 मीटर होते ही बंद होगा पुराना लोहा पुल, इन इलाकों में अलर्ट