विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Rains: अगस्त में लगातार वर्षा ने 13 जबकि अधिक वर्षा ने तोड़ा तीन साल का रिकॉर्ड

Updated: Fri, 16 Aug 2024 06:38 PM (IST)

मानसून पूर्व की वर्षा को लेकर इस बार दिल्ली खाली हाथ ही रही है। जून के पहले तीन सप्ताह बिल्कुल भी सूखे रहे। हालांकि 28 जून को जब मानसून ने दिल्ली में ...और पढ़ें

अगस्त में राजधानी दिल्ली में हुई रिकॉर्ड बारिश।
अगस्त में राजधानी दिल्ली में हुई रिकॉर्ड बारिश।

HighLights

  1. 2012 और 2013 में इस माह में लगातार 11-11 दिन हुई थी बरसात, इस साल पहले पखवाड़े में ही यह संख्या रही 12 दिन
  2. इसी तरह 2022 एवं 2023 में अगस्त के दौरान नहीं हुई थी सामान्य वर्षा भी, इस साल पहले पखवाड़े में ही हो चुकी दोगुनी

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी पर इस साल मौसम और मानसून कुछ ज्यादा ही मेहरबान है। शायद इसीलिए अगस्त के पहले पखवाड़े में ही वर्षा ने सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। फिर वह चाहे काफी दिनों तक लगातार वर्षा होने का रिकॉर्ड हो और चाहे इस माह में अधिक बरसात होने का।

मानसून पूर्व की वर्षा को लेकर इस बार दिल्ली खाली हाथ ही रही है। जून के पहले तीन सप्ताह बिल्कुल भी सूखे रहे। हालांकि 28 जून को जब मानसून ने दिल्ली में दस्तक दी तो रिकॉर्ड वर्षा हुई। एक ही दिन में लगभग 228 मिमी पानी बरस गया। जुलाई में वर्षा सामान्य रही। लेकिन, अगस्त में फिर से यह रिकॉर्ड तोड़ रही है।

दिल्ली में अभी तक 125.4 मिमी की तुलना में 234.5 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है। जबकि, अगस्त अभी आधा ही बीता है। मौसम विभाग के पास मौजूद पिछले सालों के आंकड़ों पर निगाह डालें तो तीन सालों बाद अगस्त के महीने में इतनी ज्यादा बरसात हो रही है।

इस बार अगस्त की वर्षा का आंकड़ा सर्वाधिक

मौसम विभाग के मुताबिक अगस्त 2023 में 91.8 मिमी और 2022 में केवल 41.6 मिमी वर्षा हुई थी। हालांकि वर्ष 2021 के अगस्त में 214.5 मिमी बरसात दर्ज की गई थी। यानी पिछले तीन सालों में इस बार अगस्त की वर्षा का आंकड़ा सर्वाधिक है। वैसे इससे पहले का रिकॉर्ड भी टूटने की प्रबल संभावना है, क्योंकि अभी इस माह के 14 दिन बचे हुए हैं। अगर पिछले 15 साल के आंकड़ों पर निगाह डालें तो वर्ष 2010 में सबसे ज्यादा 455 मिमी वर्षा हुई थी।

15 में से 14 दिन बारिश

अगस्त में अभी तक बीते 15 दिनों में से 14 दिन वर्षा हुई है। केवल तीन अगस्त का ही दिन ऐसा रहा था जब हल्की बूंदाबांदी भी नहीं हुई थी। जबकि, एक अगस्त को सबसे ज्यादा 107.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।

लगातार 12 दिन वर्षा ने ताेड़ा 13 साल का रिकॉर्ड

दिल्ली में बृहस्पतिवार को लगातार 12वें दिन बारिश हुई। ऐसा शहर में पिछले 13 साल बाद हुआ है, जब बरसात का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2012 और 2013 में लगातार 11 दिन बरसात हुई थी। यह रिकार्ड इस साल टूट गया है।

यह भी पढ़ें- महिलाओं पर अत्याचार प्रियंका गांधी ने सरकार पर बोला हमला, कहा- आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण देना बंद करो