विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 08, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi MCD Election Result: नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में अर्श से फर्श पर आई BJP, नहीं चला मीनाक्षी लेखी का जादू

By Nemish HemantEdited By: Abhi Malviya
Updated: Thu, 08 Dec 2022 09:44 AM (IST)

Delhi MCD Election Result के सामने आने के बाद नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में 5 वर्ष में ही BJP ने अर्श से लेकर फर्श तक का सफर तय किया है। सांसद मीनाक्षी लेखी का जादू भी इस बार नहीं चला है।

पिछले चुनाव में 20 सीटों पर खिला था कमल
पिछले चुनाव में 20 सीटों पर खिला था कमल

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में पांच वर्ष में ही दिल्ली नगर निगम चुनाव (Delhi MCD Election) में भाजपा अर्श से फर्श पर आ गई है। पार्टी की यहां यह बुरी गत तब हुई है, जब यहां से लगातार दूसरी बार सांसद मीनाक्षी लेखी मोदी सरकार में मंत्री हैं। उनका जादू अपने ही क्षेत्र में नहीं चल पाया है, बल्कि भाजपा के लिहाज से दिल्ली के बाकी इलाकों के मुकाबले इस क्षेत्र का प्रदर्शन फिसड्डी रहा है।

पिछले चुनाव में 20 सीटों पर खिला था कमल

पांच वर्ष में ही यहां की स्थिति यह हो गई कि जीते हुए उम्मीदवारों की संख्या दहाई तक भी नहीं पहुंची है। इस लोकसभा क्षेत्र में दिल्ली नगर निगम (MCD) की 25 सीटें आती है। वर्ष 2017 के चुनाव में इनमें से 20 वार्ड पर भाजपा ने कब्जा जमाया था, जबकि आप के खाते में महज पांच सीटें आई थी। स्थिति यह कि पिछले चुनाव में नई दिल्ली क्षेत्र में जहां भाजपा की सफलता का आंकड़ा 80 प्रतिशत तक था, वहीं इस बार यह दर केवल 20 प्रतिशत ही है, जबकि लेखी को वर्ष 2019 के चुनाव में दोबारा जीतने पर केंद्र सरकार में मंत्री बनाकर पुरस्कृत किया गया है।

सत्ता विरोधी लहर बनी बड़ी वजह

इस खराब प्रदर्शन के पीछे एमसीडी में भाजपा के 15 वर्ष के शासन के प्रति सत्ता विरोधी रूझान के साथ ही स्थानीय सांसद के प्रति मतदाताओं में नाराजगी को कारण माना जा रहा है। हालांकि, उन्होंने एंड्रयूज गंज, आरके पुरम, वसंत गांव, पहाड़गंज, मुनिरका समेत कई वार्डों में पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान में भाग लिया था।

पिछले एमसीडी चुनाव में भाजपा ने पहाड़गंज, करोलबाग, वेस्ट पटेल नगर, ईस्ट पटेल नगर, रंजीत नगर, बलजीत नगर, कर्मपुरा, मोती नगर, रमेश नगर, नारायणा, इंद्रपुरी, राजेंद्र नगर, हौजखास, मालवीय नगर, मुनिरका व ग्रीन पार्क समेत नई दिल्ली क्षेत्र की कुल 20 सीटों पर कब्जा जमाया था, जबकि इस बार पहाड़गंज, नारायणा, ग्रेटर कैलाश, कोटला मुबारकपुर व अमर कालोनी में कुल पांच सीटों पर ही पार्टी ने जीत दर्ज की है।

आपमय हुई पुरानी दिल्ली

पुरानी दिल्ली से भाजपा को एक भी सीट हासिल नहीं हुआ। पुरानी दिल्ली पूरी तरह से आप मय हो चुका है।आम आदमी पार्टी (आप) ने जहां चांदनी चौक की सीट को भाजपा से छीन ली है। यहां मौजूदा विधायक प्रह्लाद सिंह साहनी के बेटे पुनरदीप सिंह साहनी ने जीत दर्ज की है। वहीं, आप ने 15 वर्षों से कांग्रेस पार्टी द्वारा काबिज मटिया महल विधानसभा में सीताराम बाजार वार्ड नंबर 78 को भी अपने कब्जे में ले लिया है। इसी तरह सदर बाजार सीट भी भाजपा से छीनी है तो भाजपा ने रामनगर वार्ड में जीत दर्ज कर अपनी इज्जत बचाई है। 

यह भी पढ़ें- Delhi MCD Election Result: कांग्रेस के 188 उम्मीदवारों की जमानत जब्त, जानिए किन वार्डों में रही कांटे की टक्कर