विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देश भर में विपक्ष का महासंग्राम: दिल्ली में कांग्रेस का मार्च, पटना में तेजस्वी और बेंगलुरु में CJP का प्रोटेस्ट

Published: Thu, 08 Oct 2026 11:52 PM (GMT+05:30)

विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर लगातार तीसरे दिन देशव्यापी विरोध ...और पढ़ें

चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग पर विपक्ष का देशव्यापी विरोध।

चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग पर विपक्ष का देशव्यापी विरोध।

HighLights

  1. राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में राजघाट तक विरोध मार्च।

  2. विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की।

  3. मोदी-शाह पर देश को 'हाईजैक' करने का गंभीर आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को हटाए जाने की मांग को लेकर केंद्र सरकार पर विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए का लगातार तीसरे दिन हमला जारी रहा। बुधवार के समान ही कनॉट प्लेस स्थित एक रेस्त्रां में दोपहर के भोजन पर जुटान के बाद विरोध मार्च शुरू हुआ, पर गुरुवार को जंतर-मंतर की जगह उसकी मंजिल राजघाट थी। हालांकि, दो दिनों की तरह, तीसरे दिन हंगामा व धक्कामुक्की नहीं थी।

दिल्ली पुलिस खुद एस्कॉर्ट करते हुए बसों को ले गई। जहां विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में सभी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धाजंलि अर्पित कर सरकार की सद्बुद्धि की प्रार्थना की। एनएसयूआई और सेवा दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पूरे रास्ते पैदल चले। इस दौरान कनॉट प्लेस में एक व्यक्ति की प्रदर्शनकारियों ने पिटाई भी कर दी, जिसे भाजपा समर्थक बताया जा रहा है।

इधर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दूसरे दिन के लंच में सपा के साथ शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (एसपी) के भी सांसद व नेता शामिल हुए, जो बुधवार को नदारद थे। खरगे ने कहा कि हम देश को यह बताना चाहते हैं कि मोदी और शाह उस आजादी को छीन रहे हैं, जो गांधी, नेहरू और सरदार पटेल जैसे नेताओं ने हमें दिलाई थी। लंच में प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल व जयराम रमेश जैसे कांग्रेस पार्टी नेताओं के साथ ही हिमाचल और तेलंगाना के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व ए. रेवंत रेड्डी की भी मौजूदगी रही।

09864ae6-e61f-41d9-8912-cc44b11951b1

मोदी-शाह ने देश को किया हाईजैक

राहुल कनॉट प्लेस से यात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी ने कहा कि पहले दिन करीब 300 सांसद शांतिपूर्ण धरना करना चाहते थे, लेकिन उन्हें चुनाव आयोग के दफ्तर के पास रोका गया। दूसरे दिन, जंतर-मंतर जाने से रोका गया और हमारे लोगों को पीटा गया। सच्चाई यह है कि नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने आपराधिक षडयंत्र करके देश को हाईजैक किया है।

मार्च का रास्ता बदला, भाजपा मुख्यालय से किया परहेज

कनॉट प्लेस से शुरू हुआ मार्च मिंटो ब्रिज से आगे बढ़ा तो कार्यकर्ता डीडीयू मार्ग की तरफ मुड़ने लगे। उस मार्ग पर थोड़ा आगे ही भाजपा का मुख्यालय है। ऐसे में टकराव का अंदेशा देखकर दिल्ली पुलिस आनन-फानन में बैरिकेडिंग करने लगी। हालांकि, कार्यकर्ता टकराव से बचते हुए सीधे रामलीला मैदान की ओर निकल गए। वहां से जवाहर लाल नेहरू मार्ग, तुर्कमान गेट होते हुए मार्च राजघाट पहुंचा।

120 हजार से अधिक सुरक्षा बल तैनात, दो दिन बंद रहेंगी शराब की दुकानें

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने भी 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीजेपी के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली भर में 20 हजार से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। अधिकारी ने कहा कि जंतर-मंतर पर किसी भी विरोध प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी गई है। वहीं, आबकारी विभाग ने सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूदा स्थिति के मद्देनजर शहर में शुक्रवार और शनिवार को शराब की दुकानें बंद करने का भी निर्देश दिया है।

fab29aaf-58f0-4340-9299-f81d6e926f61

राहुल के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा ने किया प्रदर्शन

राहुल गांधी पर महिला पुलिस कर्मियों से दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस मुख्यालय के पास प्रदर्शन किया। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस से क्षमा मांगने की मांग की। कहा कि क्षमा नहीं मांगने पर बड़े स्तर पर आंदोलन करना होगा।

पटना, लखनऊ और बेंगलुरू में प्रदर्शन

दिल्ली के अलावा पटना, लखनऊ से लेकर बेंगलुरु तक प्रदर्शन जारी रहा। पटना में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में विपक्षी दल सड़क पर उतरकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस ने सभी नेताओं को रोक लिया। वहीं, लखनऊ में कांग्रेस की नवनियक्त प्रदेश अध्यक्ष अराधना मिश्रा और समाजवादी पार्टी के अन्य नेता सड़क पर उतरे। उधर बेंगलुरु में सीजेपी का प्रदर्शन हुआ।

यह भी पढ़ें- 'जंतर-मंतर जाने की कोई योजना नहीं', कार्यकर्ताओं को जुटाने के आरोपों को बजरंग दल ने बताया भ्रामक