विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IGI एयरपोर्ट पर ट्रैफिक नियम तोड़ा तो खैर नहीं... हाई-टेक कैमरों से कटेगा सीधा ई-चालान, चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर

Updated: Wed, 06 May 2026 11:15 PM (IST)

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर अब स्वचालित एएनपीआर कैमरों से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। यह नई व्यवस्था ई-चालान जारी कर यातायात अनुशासन और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाएगी।

IGI पर अब स्वचालित एएनपीआर कैमरों से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इमेज एआई

IGI पर अब स्वचालित एएनपीआर कैमरों से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इमेज एआई

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट इलाके में अब ट्रैफिक नियम तोड़ना वाहन चालकों को भारी पड़ सकता है। एयरपोर्ट के आसपास बढ़ते ट्रैफिक दबाव और लगातार सामने आ रही नियम उल्लंघन की घटनाओं को देखते हुए दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल-जीएमआर) और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मिलकर अत्याधुनिक स्वचालित ट्रैफिक निगरानी व्यवस्था लागू की है।

इस व्यवस्था के लागू होने के बाद अब छोटी से छोटी ट्रैफिक गलती भी कैमरों की नजर से नहीं बच पाएगी और सीधे ई-चालान जारी होगा। इस परियोजना के तहत आइजीआइ एयरपोर्ट क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील और व्यस्त स्थानों पर फिलहाल 14 हाई-डेफिनिशन एएनपीआर (स्वचालित नंबर प्लेट पहचान) कैमरे लगाए गए हैं।

ये कैमरे गुजरने वाले हर वाहन की नंबर प्लेट को तुरंत स्कैन कर उसकी जानकारी रिकार्ड करते हैं। अधिकारियों के मुताबिक आने वाले समय में 35 और कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे एयरपोर्ट सड़क नेटवर्क की निगरानी और अधिक मजबूत हो जाएगी।

एयरपोर्ट के कई अहम स्थानों पर लगाए गए कैमरे

यह स्वचालित व्यवस्था कई प्रकार के ट्रैफिक नियम उल्लंघनों पर नजर रखेगी। इनमें तेज रफ्तार वाहन चलाना, गलत दिशा में वाहन चलाना, अवैध पार्किंग, लालबत्ती कूदना, स्टाप लाइन पार करना, बिना हेलमेट वाहन चलाना और बाइक पर तीन लोगों का सवार होना शामिल है।

खास बात यह है कि अब मौके पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी की मौजूदगी जरूरी नहीं होगी, क्योंकि कैमरे खुद ही नियम तोड़ने वाली गाड़ियों की पहचान कर लेंगे।

जानकारी के मुताबिक, ये अत्याधुनिक कैमरे एयरपोर्ट के कई अहम स्थानों पर लगाए गए हैं। इनमें सेंट्रल स्पाइन रोड, कार्गो टर्मिनल क्षेत्र, रंगपुरी, सेंटौर होटल जंक्शन, एरोसिटी, एनएसजी जंक्शन और टर्मिनल-1 निकास मार्ग प्रमुख हैं। ये सभी इलाके ट्रैफिक के लिहाज से बेहद व्यस्त माने जाते हैं और यहां अक्सर नियम उल्लंघन की शिकायतें मिलती रही हैं।

ट्रैफिक पुलिस के सर्वर से होगी निगरानी

ई-चालान की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह तकनीक आधारित रखी गई है। जैसे ही कोई वाहन चालक नियम तोड़ता है, एएनपीआर कैमरा वाहन की तस्वीर और पूरी जानकारी रिकार्ड कर लेता है। यह डाटा सीधे राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआइसी) और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सर्वर से जुड़ जाता है।

इसके बाद ट्रैफिक पुलिस अधिकारी फुटेज की जांच और सत्यापन करते हैं तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत ई-चालान जारी कर दिया जाता है। अधिकारियों का कहना है कि इस नई व्यवस्था से एयरपोर्ट इलाके में ट्रैफिक अनुशासन बेहतर होगा, सड़क हादसों में कमी आएगी और वाहनों की आवाजाही अधिक सुचारु हो सकेगी। साथ ही नियम तोड़ने वालों पर तत्काल कार्रवाई होने से लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में अपहरण और बच्चों के खिलाफ अपराध की दर देश में सर्वाधिक, चार्जशीट दाखिल करने में भी राजधानी फिसड्डी