Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    DU Admission 2026: पहले चरण में 81 हजार से अधिक छात्रों ने स्वीकार की सीट, 21 हजार से ज्यादा दाखिले पक्के

    Updated: Sun, 19 Jul 2026 04:54 PM (IST)

    डीयू यूजी प्रवेश के पहले चरण में 88.12% छात्रों ने सीट स्वीकार की है, जिसमें से 21,530 छात्रों का दाखिला पक्का हो चुका है। दस्तावेज सत्यापन और शुल्क भ ...और पढ़ें

    डीयू यूजी प्रवेश के पहले चरण में 88.12% छात्रों ने सीट स्वीकार की है। फाइल फोटो

    डीयू यूजी प्रवेश के पहले चरण में 88.12% छात्रों ने सीट स्वीकार की है। फाइल फोटो

    HighLights

    1. पहले चरण में 88.12% छात्रों ने सीट स्वीकार की।

    2. कुल 21,530 छात्रों का दाखिला पूरी तरह पक्का।

    3. पीजी प्रवेश के लिए 25 जुलाई 2026 से स्पॉट राउंड।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। डीयू की स्नातक (यूजी) प्रवेश प्रक्रिया के पहले चरण में सीट स्वीकार करने वाले छात्रों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पहले चरण में सीट पाने वाले अधिकांश अभ्यर्थियों ने अपना आवंटन स्वीकार कर लिया है और बड़ी संख्या में छात्र दाखिले का अंतिम रूप दे चुके है।

    विश्वविद्यालय के अनुसार, पहले चरण में कुल 93,034 अभ्यर्थियों को सीट आवंटित की गई थी। इनमें से 81,979 छात्रों ने अपनी सीट स्वीकार कर ली है, जो कुल आवंटन का 88.12 प्रतिशत है। सीट स्वीकार करने के बाद कालेजों की ओर से दस्तावेजों का सत्यापन और अनुमोदन की प्रक्रिया जारी है।

    अब तक 21,530 अभ्यर्थियों का प्रवेश पूरी तरह से पक्का हो चुका है। यह कुल आवंटित सीटों का 23.14 प्रतिशत है। जिन छात्रों का सत्यापन पूरा हो चुका है, वे निर्धारित शुल्क जमा कर अपना प्रवेश अंतिम रूप दे चुके हैं। विश्वविद्यालय ने बताया कि अब तक 33,383 अभ्यर्थियों के लिए शुल्क भुगतान (पेमेंट) लिंक जारी किए जा चुके हैं। भुगतान प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन छात्रों का प्रवेश भी औपचारिक रूप से सुनिश्चित हो जाएगा।

    विश्वविद्यालय अधिकारियों का कहना है कि आने वाले घंटों में दस्तावेज सत्यापन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया तेज होगी, जिससे पुष्टि किए गए प्रवेशों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। जिन छात्रों ने सीट स्वीकार कर ली है, उन्हें समयसीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी करने की सलाह दी गई है, ताकि उनका आवंटन निरस्त न हो।

    खबरें और भी

    वहीं, दो वर्षीय स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया भी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। विश्वविद्यालय के अनुसार अब तक 10,248 छात्रों का पीजी में प्रवेश पूरा हो चुका है। नियमित आवंटन चरणों के बाद बची हुई सीटों को भरने के लिए विश्वविद्यालय 25 जुलाई 2026 से स्पाट राउंड-1 शुरू करेगा।

    स्पॉट राउंड उन अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण होगा जिन्हें अब तक किसी भी चरण में सीट नहीं मिली है या जिन्होंने पूर्व में आवंटित सीट स्वीकार नहीं की थी। इस चरण में रिक्त सीटों के आधार पर नए सिरे से आवंटन किया जाएगा।