Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    DU NCWEB की तीसरी कटऑफ आज होगी जारी, 13 हजार सीटें भर चुकीं; क्या अब भी मिल सकता है दाखिले का मौका?

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 12:33 AM (IST)

    एनसीवेब में बीए और बीकॉम कार्यक्रमों की तीसरी कटऑफ सोमवार को जारी होगी, जिससे छात्राओं को दाखिले का अंतिम मौका मिलेगा। अब तक 13,000 सीटें भर चुकी हैं, ...और पढ़ें

    एनसीवेब में बीए और बीकॉम कार्यक्रमों की तीसरी कटऑफ सोमवार को जारी होगी

    एनसीवेब में बीए और बीकॉम कार्यक्रमों की तीसरी कटऑफ सोमवार को जारी होगी

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। डीयू के नान-कालेजिएट महिला शिक्षा बोर्ड (एनसीवेब) में दाखिले की दौड़ अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। बीए और बीकाम कार्यक्रमों की तीसरी कटआफ सोमवार को जारी होगी, ऐसे में उन छात्राओं के लिए यह अहम मौका है, जिन्हें पहली या दूसरी कटआफ में सीट नहीं मिल सकी। पहली दो कटआफ के बाद करीब 13 हजार सीटों पर दाखिला हो चुका है, जबकि दोनों कार्यक्रमों में कुल 15,200 सीटें हैं।

    एनसीवेब की निदेशक प्रो. गीता भट्ट ने बताया कि अधिकांश केंद्रों पर सीटें भर चुकी हैं, लेकिन कुछ केंद्रों में कुछ श्रेणियों के लिए सीटें अभी उपलब्ध हैं। ऐसे में तीसरी कटऑफ में छात्राओं को सीमित विकल्प मिलेंगे। इस वर्ष एनसीवेब के लिए करीब 21,500 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिससे दाखिले के लिए प्रतिस्पर्धा का अंदाजा लगाया जा सकता है।

    तीसरी कटऑफ के आधार पर दाखिला मंगलवार से शुरू होगा और छात्राएं बुधवार रात 11:59 बजे तक अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगी। कॉलेजों को दाखिले की औपचारिकताएं 13 अगस्त शाम पांच बजे तक पूरी करनी होंगी, जबकि फीस का भुगतान 14 अगस्त शाम पांच बजे तक किया जा सकेगा।

    यदि इसके बाद भी सीटें खाली रहती हैं तो एनसीवेब स्पेशल कटऑफ जारी करेगा। जरूरत पड़ने पर स्पेशल ड्राइव के जरिए भी सीटें भरी जाएंगी। पूरी दाखिला प्रक्रिया 13 सितंबर तक चलेगी। एनसीवेब के 26 कालेज केंद्रों में कक्षाएं सप्ताहांत और अवकाश के दिनों में आयोजित होती हैं। यही व्यवस्था नौकरी या अन्य जिम्मेदारियों के साथ पढ़ाई जारी रखने वाली छात्राओं के लिए इसे डीयू का महत्वपूर्ण विकल्प बनाती है।

    खबरें और भी