DU Admission 2026: तीसरे चरण में भर सकती हैं 10000 खाली सीटें, मिड एंट्री में छात्रों ने दिखाई रुचि
डीयू में मिड एंट्री प्रक्रिया के तहत 2,589 नए छात्रों ने पंजीकरण किया और 29,365 ने वरीयताएँ बदलीं, जिससे तीसरे चरण में प्रवेश की उम्मीद बढ़ी। हालांकि, ...और पढ़ें

दिल्ली विश्वविद्यालय। फाइल फोटो
HighLights
मिड एंट्री में 2,589 नए छात्रों का पंजीकरण।
29,365 विद्यार्थियों ने वरीयताओं में बदलाव किया।
एसटी और पीडब्ल्यूडी सीटें भरना बड़ी चुनौती।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। डीयू में स्नातक प्रवेश की दौड़ अभी खत्म नहीं हुई है। पहले दो चरणों के बाद खाली रह गई सीटों को भरने के लिए शुरू की गई मिड एंट्री प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है।
शुक्रवार तक 2,589 नए विद्यार्थी ने मिड एंट्री के तहत पंजीकरण कराया, जबकि 29,365 विद्यार्थियों ने कालेज और पाठ्यक्रम की अपनी वरीयताओं में बदलाव किया या उन्हें अंतिम रूप से जमा किया है। ऐसे में तीसरे चरण के सीट आवंटन में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को प्रवेश मिलने की उम्मीद है।
डीयू में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पहले और दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद विभिन्न कालेजों और पाठ्यक्रमों में करीब 10 हजार सीटें खाली हैं। विश्वविद्यालय ने इन सीटों को भरने के लिए मिड एंट्री का विकल्प दिया है।
खास बात यह है कि इस प्रक्रिया में उन छात्रों को भी मौका मिला है, जो पहले सीएसएएस के लिए आवेदन नहीं कर पाए थे। वहीं, पहले से पंजीकृत अभ्यर्थी भी अपनी पसंद के कालेज और पाठ्यक्रम बदल सकते हैं।
खबरें और भी
आरक्षित श्रेणियों की सीटें भरना चुनौती
खाली सीटों में सबसे ज्यादा संख्या एसटी और पीडब्ल्यूडी श्रेणी की बताई जा रही है। दिल्ली में एसटी वर्ग के अपेक्षाकृत कम अभ्यर्थी होने के कारण इस श्रेणी की सभी सीटें भरना विश्वविद्यालय के लिए चुनौती बना हुआ है। इसके मुकाबले सामान्य वर्ग में खाली सीटों की संख्या सीमित है।
विश्वविद्यालय ने छात्रों को उपलब्ध रिक्त सीटों का विवरण भी उपलब्ध कराया है, ताकि वे प्रवेश की संभावना को देखते हुए वरीयताएं तय कर सकें।
प्रवेश डीन प्रो. हनीत गांधी ने बताया कि मिड एंट्री के बाद अधिकतर खाली सीटों के भरने की उम्मीद है। मिड एंट्री के बाद तीसरे चरण की सीट आवंटन सूची जारी की जाएगी। सीट मिलने वाले छात्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित कालेज में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।