डीयू परिसर में बेतरतीब पार्किंग पर सख्ती, एंबुलेंस-दमकल के रास्ते में खड़े किए वाहन तो होगी कार्रवाई
दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में अवैध पार्किंग अब केवल यातायात जाम ही नहीं, बल्कि आपातकालीन सेवाओं के लिए भी खतरा बन गई है। प्राक्टर कार्यालय ने एडवाइजर ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
डीयू में अवैध पार्किंग आपातकालीन सेवाओं के लिए खतरा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त एडवाइजरी जारी की।
नियम तोड़ने वालों पर पुलिस करेगी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। डीयू परिसर में बेतरतीब और अवैध पार्किंग अब सिर्फ यातायात जाम की समस्या नहीं रह गई है, बल्कि यह आपातकालीन सेवाओं के लिए भी बड़ा खतरा बनती जा रही है।
सड़कों के दोनों ओर वाहनों के खड़े होने से रास्ते संकरे होने और एंबुलेंस व दमकल वाहनों के आवागमन में बाधा की आशंका को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्राक्टर कार्यालय ने सोमवार को एडवाइजरी जारी कर छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आगंतुकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन के अनुसार, कैंपस में छात्र मार्ग, जीसी नारंग मार्ग, सुधीर बोस मार्ग, गुरु तेग बहादुर रोड, श्रेया मिश्रा मार्ग और यूनिवर्सिटी रोड समेत कई प्रमुख सड़कों पर दोनों तरफ वाहन खड़े किए जा रहे हैं।
इसके अलावा ग्वियर हाल कैंटीन के आसपास भी पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। व्यस्त समय में इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही धीमी होने से छात्रों और कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कुछ मिनट की देरी, गंभीर परिणाम
प्राक्टर कार्यालय ने एडवाइजरी में विशेष रूप से चेताया है कि किसी दुर्घटना, आग लगने या अन्य आपात स्थिति में सड़क पर खड़े वाहन राहत और बचाव दल के लिए रास्ता रोक सकते हैं। ऐसे में कुछ मिनट की देरी भी गंभीर परिणाम पैदा कर सकती है।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि नो-पार्किंग या प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस के माध्यम से कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सभी से अपील की है कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने और आपातकालीन सेवाओं का रास्ता खुला रखने के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें।
यह भी पढ़ें- डीयू में PG कोर्सेज के लिए सीट अलॉटमेंट की पहली लिस्ट आई, वेरिफिकेशन और फीस जमा करने का शेड्यूल जारी