आज से गुलजार होंगे DU के कॉलेज, फ्रेशर्स के स्वागत में सजे रहेंगे कैंपस; मनोरंजन के साथ दिन बनेगा यादगार
डीयू के कॉलेजों में मंगलवार से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी, जहाँ वरिष्ठ छात्र और प्रोफेसर नए विद्यार्थियों का स्वागत करेंगे। ओरिएंटेशन कार्यक्रमों ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
डीयू कॉलेजों में मंगलवार से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत।
वरिष्ठ छात्र और प्रोफेसर करेंगे फ्रेशर्स का स्वागत व मार्गदर्शन।
रैगिंग के प्रति जागरूकता और हेल्पडेस्क की सुविधा।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। वरिष्ठ छात्र दोस्ती का हाथ बढ़ाकर फ्रेशर्स का स्वागत करेंगे, नृत्य-संगीत कार्यक्रमों के साथ मनोरंजन करते दिखेंगे, तो वहीं प्रोफेसर रैगिंग और नियम-कायदे को लेकर जागरूक बनाएंगे।
नए विद्यार्थियों के लिए कालेजों का पहला दिन यादगार और सहज बनाने के लिए कुछ ऐसी ही तैयारियां की गई हैं। डीयू के कालेजों में मंगलवार से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो जाएगी।
सभी कालेज नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं और कालेज के बारे में जानकारी पाने के साथ ही पुराने छात्रों से घुल-मिल सकें इसके लिए कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कालेजों में ओरिएंटेशन कार्यक्रमों के साथ सत्र की शुरुआत होगी, जहां विद्यार्थियों को कालेज, पाठ्यक्रम, सुविधाओं, सोसायटी और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।
किसी कालेज में नए छात्रों का स्वागत तिलक लगाकर किया जाएगा, तो कहीं नए साथियों के साथ मिलकर फ्रेशर्स पौधारोपण करेगे। संस्थानों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, इंटरेक्टिव सत्र और विभागीय परिचय कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
सेल्फी प्वाइंट और मनोरंजक गतिविधियां रहेंगी खास
कालेज का पहला दिन विद्यार्थी कैमरे में कैद कर सकें इसके लिए भी कालेजों में विशेष तैयारियां की गई हैं।लेडी श्री राम, श्री वेंकटेश्वर , श्री अरबिंदो और शहीद भगत सिंह सहित विभिन्न कालेजों में सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे और विविध गतिविधियां आयोजित होंगी।
शहीद भगत सिंह कालेज के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार अत्री का कहना है कि ओरिएंटेशन कार्यक्रम विद्यार्थियों की जीवन यात्रा का महत्वपूर्ण कदम है। शैक्षणिक जीवन, अनुशासन, पाठ्यक्रम की जानकारी देने के साथ ही रैगिंग को लेकर जागरूक किया जाएगा।
कालेज में इसके खिलाफ जीरो टोलरेंस नीति है और सभी को हेल्पलाइन नंबरों की जानकरी दी जाएगी, जहां वे कोई भी दिक्कत होने पर बेझिझक संपर्क कर सकते हैं।
हेल्पडेस्क पर मिलेगा हर जरूरी मार्गदर्शन
कालेज परिसर में पहले दिन छात्रों को किसी भी तरह की सहायता की जरूरत हो या कोई दुविधा हो तो उसकी मदद के लिए खास हेल्पडेस्क भी स्थापिक किए जाएंगे।
कमला नेहरू कालेज की प्राचार्या प्रो. पवित्रा भारद्वाज ने बताया कि मंगलवार सुबह सभागार में सामूहिक ओरिएंटेशन के साथ विभागों का ओरिएंटेशन सत्र चलेगा। फ्रेशर्स की मदद के लिए हेल्पडेस्क लगाए जाएंगे जहां वे प्रोफेसरों और वरिष्ठ छात्रों से किसी भी तरह की जानकारी या सुझाव पा सकते हैं।