बिजवासन-कापसहेड़ा वालों की सुनी गई फरियाद, DTC ने शुरू की नई इलेक्ट्रिक बस सेवा; जानें रूट
डीटीसी ने बिजवासन, कापसहेड़ा और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर नई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की है।

बिजवासन, भरथल, बामनौली, समालका और कापसहेड़ा सहित पूरे क्षेत्र के निवासियों को मिलेगी राहत।
HighLights
डीटीसी ने बिजवासन-कापसहेड़ा क्षेत्र में नई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की।
यह सेवा निवासियों की महीनों पुरानी मांग को पूरा करती है।
रूट D-9919 छात्रों, मरीजों को सीधी, आरामदायक कनेक्टिविटी देगा।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। बिजवासन, भरथल, बामनौली, समालका और कापसहेड़ा सहित पूरे क्षेत्र के निवासियों की महीनों पुरानी मांग को पूरा करते हुए डीटीसी ने शुक्रवार को नई इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ कर दिया है। बिजवासन गांव में आयोजित एक औपचारिक समारोह के दौरान द्वारका सेक्टर-2 डीटीसी डिपो के प्रबंधक आशुतोष और गांव के सम्मानित बुजुर्गों ने नारियल फोड़कर इस नए बस रूट की शुरुआत की।
निगम का धन्यवाद ज्ञापित किया
चौ. चंदगी राम की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में भगवान सिंह राणा, भागीरथ राणा, सूरजभान राणा, हरपाल सिंह राणा, रण सिंह राणा, विपिन ग्रेवाल एवं ताराचंद सहित अन्य गांववासियों ने डीटीसी डिपो मैनेजर आशुतोष को पगड़ी बांधकर सम्मानित किया और क्षेत्रवासियों की ओर से निगम का धन्यवाद ज्ञापित किया।
बिजवासन क्षेत्र की सीधी कनेक्टिविटी
समारोह को संबोधित करते हुए डीटीसी डिपो मैनेजर आशुतोष ने कहा कि बिजवासन विकास समिति और पूर्व उप-महापौर प्रवीण राणा द्वारा क्षेत्र में बस सेवा शुरू करने की मांग एक जरुरत थी। अब द्वारका उपनगरी से बिजवासन क्षेत्र की सीधी कनेक्टिविटी हो गई है।
पर्यावरण अनुकूल और आरामदायक भी होगी
उन्होंने बताया कि पहले इस क्षेत्र के लोगों, विशेषकर स्कूल-काॅलेज जाने वाले छात्रों, मरीजों और कामकाजी वर्ग को अस्पताल, कोर्ट, एयरपोर्ट तथा मेट्रो स्टेशनों तक पहुंचने के लिए दो-दो बसें बदलनी पड़ती थीं। अब इस नई इलेक्ट्रिक बस सेवा से यात्रियों का काफी समय बचेगा और वे कम समय में अपने गंतव्य स्थानों पर पहुंच सकेंगे। यह सेवा पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल और आरामदायक भी होगी।
यह है रूट
डीटीसी द्वारा इस नई बस सेवा के लिए रूट नंबर डी-9919 तय किया गया है। यह बस द्वारका मोड़ से शुरू होकर इन स्थलों से गुजरेगी...
- एनएसयूटी
- डीपीएस स्कूल मटियाला
- महावीर एन्क्लेव
- पावर हाउस
- द्वारका 6/10 क्राॅसिंग
- द्वारका कोर्ट
- इंदिरा गांधी अस्पताल
- द्वारका 19/10 क्राॅसिंग
- सेक्टर-22 वेदांता होटल
- सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन
- यशोभूमि मेट्रो स्टेशन
- भरथल
- बिजवासन
- कापासहेड़ा मोड़ से कापासहेड़ा बाॅर्डर तक जाएगी।
वापसी का मार्ग भी यही रहेगा। इस नए रूट के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं, दैनिक यात्रियों, कामगारों और स्थानीय नागरिकों को अब सीधी और सुविधाजनक यातायात सुविधा मिलने लगेगी।

