विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में DTC बस ने लोगों मारी टक्कर, एक की मौत और कई घायल

Published: Sat, 17 Oct 2026 10:43 AM (IST)

दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार डीटीसी बस बेकाबू होकर कई वाहनों से टकरा गई। ...और पढ़ें

डीटीसी बस ने कई लोगों को मारी टक्कर। ANI

डीटीसी बस ने कई लोगों को मारी टक्कर। ANI

HighLights

  1. आनंद पर्वत में डीटीसी बस ने कई वाहनों को टक्कर मारी।

  2. हादसे में अतुल भारद्वाज की मौत, चार लोग घायल हुए।

  3. पुलिस ने महिला बस चालक रेनू बाला को गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली की सड़कों पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित बसों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार सुबह आनंद पर्वत के पास एक डीटीसी बस बेकाबू हो गई और एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी।

हादसे में स्कूटी सवार रानीखेड़ा के अतुल भारद्वाज की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो स्कूटी बस के नीचे आ गईं। हादसे के बाद महिला बस चालक मौके पर बस छोड़कर भाग निकली।

उधर, दुर्घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर दी। हालांकि, देशबंधु गुप्ता (डीबीजी) रोड थाना पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान हरियाणा के फतेहाबाद की रेनू बाला के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 10:15 बजे आनंद पर्वत के पास मिलिट्री रोड के निकट डीबीजी रोड और राम स्वरूप विद्यार्थी मार्ग के टी-पाइंट पर सड़क हादसे की सूचना मिली थी।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि टिकरी बार्डर की ओर जा रही डीटीसी की देवी बस चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई थी। बस ने रास्ते में दो स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, एक ई-रिक्शा और एक साधारण रिक्शा को टक्कर मार दी।

दीपक भी चोटिल हो गए

हादसे में स्कूटी सवार अतुल भारद्वाज की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी स्कूटी पर पीछे बैठे प्रेम नगर के भूषण कुमार घायल हो गए। इसके अलावा दूसरी स्कूटी पर सवार बापा नगर के राकेश, ई-रिक्शा चालक भागलपुर के ध्रुव कुमार मिश्रा और मोटरसाइकिल सवार शकूरपुर के दीपक भी चोटिल हो गए। पुलिस ने पीसीआर की मदद से घायलों को जीवन माला और लेडी हार्डिंग अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सकों के अनुसार, घायलों की हालत खतरे से बाहर है। वहीं, अतुल के शव को पोस्टमार्टम के लिए लेडी हार्डिंग अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। उधर, घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

बस के शीशे तोड़े, पुलिस ने संभाली स्थिति

हादसे के बाद महिला चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत और चार लोगों के घायल होने से स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने बस के शीशे तोड़ दिए। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और हालात पर काबू पाया।

इस वर्ष बस की चपेट में आने से हुई मौतें

  • 28 सितंबर : आश्रम फ्लाईओवर पर डीटीसी बस की टक्कर से बाइक टैक्सी पर सवार 22 वर्षीय ऋषिता लाहोन की मौत।
  • 22 सितंबर : नजफगढ़-नांगलोई रोड पर डीटीसी बस की टक्कर से स्कूटी सवार 19 वर्षीय हिमांशु की मौत।
  • 15 अगस्त : जय विहार में डीटीसी बस की टक्कर से 22 वर्षीय सोनू की मौत, एक अन्य युवक घायल।
  • 14 अगस्त : न्यू अशोक नगर-दल्लूपुरा में डीटीसी बस की चपेट में आने से 12 वर्षीय छात्रा कायना पाल की मौत, चाचा घायल।
  • 1 अगस्त : पूठ कलां में डीटीसी क्लस्टर बस की चपेट में आने से 60 वर्षीय इंदिरा की मौत।
  • 14 जुलाई : मजलिस पार्क में स्कूल बस की चपेट में आने से 12 वर्षीय छात्रा प्रियांशी की मौत।
  • 5 जुलाई : जीटीबी एन्क्लेव में डीटीसी बस से मोटरसाइकिल की टक्कर में 38 वर्षीय संदीप की मौत।
  • 15 मई : धौला कुआं में डीटीसी बस की चपेट में आने से 40 वर्षीय विजय सिंह की मौत।
  • 5 अप्रैल : आजादपुर में सड़क पार कर रहे 19 वर्षीय आकाश की डीटीसी बस की टक्कर से मौत।