मेडिकल टूरिज्म हब बनेगी दिल्ली, अस्पताल चुनने से लेकर वीजा तक मिलेगा एक ही प्लेटफॉर्म पर
दिल्ली को विश्व स्तरीय मेडिकल टूरिज्म हब बनाने के लिए दिल्ली मेडिकल एंड वेलनेस टूरिज्म प्लेटफॉर्म विकसित कर रही है। योजना के तहत सभी सुविधाएं एक ही जग ...और पढ़ें

दिल्ली को विश्व स्तरीय मेडिकल टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करने के लिए दिल्ली सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है।
HighLights
दिल्ली को विश्व स्तरीय मेडिकल टूरिज्म हब बनाने की पहल।
DMWT प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी अस्पताल, वीजा, उपचार संबंधी सभी सेवाएं।
'हील इन इंडिया' अभियान को मिलेगा बढ़ावा, दिल्ली बनेगी वैश्विक गंतव्य।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली को विश्व स्तरीय मेडिकल टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करने के लिए दिल्ली सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीआईडीसी) ने दिल्ली मेडिकल एंड वेलनेस टूरिज्म (डीएमडब्ल्यूटी) प्लेटफॉर्म विकसित करने और पूरे मेडिकल टूरिज्म इकोसिस्टम को संचालित करने के लिए रणनीतिक साझेदार चुनने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी सभी सुविधाएं
प्रस्तावित डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश-विदेश से इलाज कराने आने वाले मरीजों को अस्पताल चयन, इलाज पैकेज की तुलना, ऑनलाइन बुकिंग, भुगतान, मेडिकल वीजा असिस्टेंस, पासपोर्ट सत्यापन, रियल-टाइम ट्रैकिंग, बहुभाषी सहायता, शिकायत निवारण और इलाज के बाद टेली-कंसल्टेशन जैसी सभी सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी।
जारी की गई आरएफपी
डीटीटीडीसी ने शुक्रवार को इस संबंध में रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) जारी कर दी है। चयनित एजेंसी अपने खर्च पर वेब पोर्टल, मरीजों व अस्पतालों के लिए मोबाइल ऐप और सरकार के लिए एडमिन डैशबोर्ड विकसित करेगी।
एक साल में होने लगेगा संचालन
अनुबंध प्रभावी होने के 120 दिनों के अंदर प्लेटफॉर्म का प्रारंभिक संस्करण लॉन्च करने का लक्ष्य है, जबकि पूरे प्लेटफॉर्म को एक वर्ष के अंदर पूरी तरह संचालित करने की योजना है।

पहले चरण में शामिल किए जाएंगे
- कम से कम 5 अंतरराष्ट्रीय संयुक्त कमेटी (जेसीआई) मान्यता प्राप्त अस्पताल
- 25 एनएबीएच या समकक्ष अस्पताल
- 15 आयुष केंद्र
- 30 परिवहन, होटल और भाषा सहायता सेवा प्रदाता
इसके अलावा अस्पतालों, डॉक्टरों, डायग्नोस्टिक लैब्स, होटलों और परिवहन सेवाओं को भी डिजिटल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
खबरें और भी
'हील इन इंडिया' को मिलेगा बल
सरकार इस पहल के माध्यम से दिल्ली को 'हिल इन इंडिया' अभियान के तहत अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा गंतव्य के रूप में प्रचारित करेगी।
इसके लिए विदेश में ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग, अंतरराष्ट्रीय मेडिकल टूरिज्म आयोजनों में भागीदारी तथा भारतीय दूतावासों, बीमा कंपनियों और विदेशी स्वास्थ्य संस्थानों के साथ साझेदारी की जाएगी।
माना जा रहा है कि यदि यह योजना प्रभावी ढंग से लागू हुई तो दिल्ली मेडिकल टूरिज्म की दिशा में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर सकती है और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।