Delhi-NCR Weather: पश्चिमी विक्षोभ से बिगड़ा दिल्ली का मौसम, अगले दो दिनों तक आंधी और बारिश का अलर्ट
दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान बढ़ा, जबकि बादलों के कारण अधिकतम तापमान गिरा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। अगले दो ...और पढ़ें
HighLights
दिल्ली में न्यूनतम तापमान बढ़ा, अधिकतम गिरा।
अगले दो दिन आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट।
बारिश से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार।
पीटीआई, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि पूरे दिन बादलों की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट आई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिन भर के लिए येलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन शुक्रवार रात से शनिवार की रात के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में ही हल्की बारिश हुई।
स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि यह पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिम राजस्थान व मध्य पाकिस्तान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से हुआ है। अगले दो दिनों में दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में धूल भरी आंधी चलने और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मंगलवार के बाद तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो बुधवार तक 28 से 30 डिग्री तक गिर सकता है। न्यूनतम तापमान रविवार को 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा और उसके बाद थोड़ी गिरावट आ सकती है।
वायु गुणवत्ता में काफी सुधार
इसके अलावा, पिछले दिन हुई हल्की बारिश और तेज हवाओं से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में काफी सुधार हुआ। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार दोपहर 4 बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 137 (मध्यम) दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को इसी समय यह 266 (खराब) था।