दिल्ली पुलिस का ‘ऑपरेशन वीजा’ तेज, दो बांग्लादेशी गिरफ्तार; अब शुरू होगी निर्वासन की प्रक्रिया
दिल्ली पुलिस के 'ऑपरेशन वीजा 1.0' के तहत मध्य जिला स्पेशल स्टाफ ने वीजा नियमों का उल्लंघन करने वाले दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
-1786515698138-1786769318013-1786769326624-1786769341819_m.webp)
गिरफ्तार किए गए दोनों बांग्लादेशियों पर भारत में तय समय से ज्यादा रहने और वीजा शर्तों के उल्लंघन का आरोप है। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
ऑपरेशन वीजा 1.0 के तहत दो बांग्लादेशी गिरफ्तार।
वीजा शर्तों का उल्लंघन कर भारत में रुके थे।
गिरफ्तारी के बाद निर्वासन प्रक्रिया शुरू की गई।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्य जिला के स्पेशल स्टाफ ने 'ऑपरेशन वीजा 1.0' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। दोनों पर भारत में तय समय से ज्यादा रहने और वीजा शर्तों के उल्लंघन का आरोप है।
प्रारंभिक कानूनी प्रक्रियाओं के बाद, दोनों को एफआरआरओ के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें 'प्रतिबंध आदेश' जारी कर सेवा धाम डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है। अब इनके निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक दिल्ली में वीजा नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की धरपकड़ के लिए आपरेशन वीजा 1.0' चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मध्य जिला के फाॅरेनर्स सेल ने इलाके के होटलों और गेस्ट हाउसों में एक विशेष सत्यापन अभियान चलाया।
जांच के दौरान, पुलिस टीम नबी करीम (आराकशां रोड) स्थित एक होटल पहुंची, जहां ये दोनों बांग्लादेशी नागरिक ठहरे हुए थे। दस्तावेज की जांच करने पर पता चला कि दोनों बीते 23 जून को 'डबल एंट्री वीजा' पर भारत आए थे। उनके वीजा नियमों के मुताबिक उन्हें प्रति यात्रा केवल 15 दिन ठहरने की ही अनुमति थी। तय अवधि समाप्त होने के बावजूद वे भारत में अवैध रूप से रह रहे थे।
गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान हबीबगंज निवासी एमडी अनहारुल इस्लाम सौरभ खान एवं कुमिला निवासी तारिकुल इस्लाम सुजान के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से भारतीय वीजा, पासपोर्ट और यात्रा से जुड़े अन्य दस्तावेज जब्त कर एफआरआरओ के सामने पेश किए हैं।
डीसीपी ने स्पष्ट किया कि दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों और वीजा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 'ऑपरेशन वीजा 1.0' के तहत यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

